योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए संभाग स्तर पर तैयार की गई कार्य योजना के अनुरूप कार्य करें – संभागायुक्त शर्मा

भोपाल :

संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने निर्देश दिए हैं कि अधिकारी महिला एवं बाल विकास एवं स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए संभाग स्तर पर तैयार की गई कार्य योजना के अनुसार कार्य करे। संभागायुक्त शर्मा ने कमिश्नर कार्यालय में बुधवार को समय-सीमा बैठक ली। बैठक में संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग हरिकृष्ण शर्मा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

संभागायुक्त शर्मा ने स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग के समन्वय से महिला शिशु एवं स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं का संभाग के सभी जिलों में बेहतर क्रियान्वयन जमीनी स्तर पर सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त कार्य योजना तैयार कर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही महिला एवं बाल विकास एवं स्वास्थ्य विकास को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण, गैर संचारी रोग सिकल सेल एनीमिया, मानसून जनित बीमारियों, डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया में कमी लाने के लिए संयुक्त कार्य योजना बनाकर कार्य करने एवं जिला स्तर पर मॉनीटरिंग एवं रिव्यू सिस्टम बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी जमीनी स्तर पर अभियान चलाकर सकारात्मक परिणाम सुनिश्चित करें।

शर्मा ने समय-सीमा बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय विभाग के एसई सुनील कुमार चतुर्वेदी को विभाग अंतर्गत जल जीवन मिशन की प्रगति, एकल एवं समूह जल प्रदाय योजना की संचालित एवं निर्माणाधीन योजनाओं को समय-सीमा में पूर्ण करने एवं संभाग के सभी जिलों में हर घर नल योजना के माध्यम से शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने एवं पेयजल योजनाओं के संचालन एवं संधारण का मैकेनिज्म तैयार करने के भी निर्देश दिए। मानसून अवधि में शुद्ध पेयजल आपूर्ति एवं दूषित पेयजल से होने वाली संक्रामक बीमारियों से बचाव संबंधी कार्यवाहियों को नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए।

संभागायुक्त शर्मा ने गुड गवर्नेंस की समीक्षा करते हुए संभाग के सभी जिलों में लोक सेवा गांरटी अधिनियम एवं सीएम हेल्पलाइन में समय-सीमा के बाहर के प्रकरणों का एक सप्ताह में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही तय समय-सीमा में कार्यवाही न करने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ दण्डात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। सभी संभागीय अधिकारियों को साप्ताहिक विभागीय रिव्यू कर सीएम हेल्पलाइन में बेहतर प्रदर्शन करने के निर्देश भी दिए गए।