रामलीला मैदान पर निगम का बड़ा एक्शन, 100 बोरी गल्ला जब्त… अवैध कब्जाधारियों में मचा हड़कंप!

कटनी: शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थल रामलीला मैदान पर नगर निगम ने सख्त कार्रवाई करते हुए यह साफ संदेश दे दिया है कि अब सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की कोई गुंजाइश नहीं बचेगी। निगमायुक्त तपस्या परिहार के निरीक्षण के दौरान मैदान में अवैध रूप से रखी गई बड़ी मात्रा में सामग्री पर नाराजगी जताने के कुछ ही घंटों के भीतर अतिक्रमण अमला मौके पर पहुंच गया और करीब 100 बोरी गल्ला सहित अन्य सामान जब्त कर मैदान को अतिक्रमण मुक्त करा दिया।

निगमायुक्त के स्पष्ट निर्देश मिलते ही अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह के नेतृत्व में निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया। सार्वजनिक भूमि पर कब्जे के रूप में रखी गई सामग्री को हटाया गया, पंचनामा तैयार किया गया और सामान जब्त कर निगम के कब्जे में ले लिया गया। कार्रवाई के दौरान मौजूद लोगों में भी निगम की सख्ती को लेकर चर्चा होती रही।

नगर निगम ने दो टूक कहा है कि रामलीला मैदान केवल एक खुला मैदान नहीं, बल्कि शहर की सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। ऐसे स्थान पर अवैध कब्जा या सामग्री रखकर आम नागरिकों की सुविधा में बाधा पहुंचाने वालों के खिलाफ किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी।

निगम प्रशासन ने शहरवासियों और व्यापारियों से सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। जो भी व्यक्ति सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करेगा या सार्वजनिक स्थानों का दुरुपयोग करेगा, उसके खिलाफ इसी तरह की कड़ी और त्वरित कार्रवाई की जाएगी।