मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना: आज कटनी से मथुरा-वृंदावन के लिए रवाना होगी विशेष ट्रेन, 196 श्रद्धालुओं का होगा भव्य स्वागत
कटनी : मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के अंतर्गत कटनी जिले के 196 श्रद्धालु आज शनिवार को विशेष ट्रेन से भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा-वृंदावन की पावन यात्रा पर रवाना होंगे। श्रद्धालुओं को लेकर आने वाली विशेष ट्रेन शाम 6 बजे कटनी मुड़वारा रेलवे स्टेशन पहुंचेगी और शाम 6:10 बजे सागर के लिए प्रस्थान करेगी। यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर मुड़वारा रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं के स्वागत की भव्य व्यवस्था की गई है। जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में तीर्थयात्रियों का तिलक-चंदन, पुष्पमाला, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालुओं की यात्रा श्रद्धा, सम्मान और सुव्यवस्थित माहौल के साथ शुरू हो।
रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, हेल्प डेस्क, टिकट वितरण काउंटर, बैरिकेडिंग, साउंड सिस्टम, बेहतर प्रकाश व्यवस्था तथा साफ-सफाई के विशेष इंतजाम किए गए हैं। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं।
कार्यक्रम में खजुराहो सांसद वीडी शर्मा, शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह, विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक, मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, बहोरीबंद विधायक प्रणय प्रभात पाण्डेय, बड़वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह, नगर निगम महापौर प्रीति संजीव सूरी, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता मेहरा, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।
यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। एसडीएम कटनी को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं तथा आवश्यकता अनुसार कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती भी की जाएगी। नगर निगम, रेलवे, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कटनी से रवाना होने वाले सभी श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित, सम्मानजनक और सुविधाजनक रहे।

