महापौर जनसुनवाई आज, एक ही मंच पर सुनी जाएंगी शहरवासियों की समस्याएं

कटनी: शहरवासियों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा आयोजित की जा रही महापौर जनसुनवाई मंगलवार, 28 जुलाई को नगर निगम परिसर में आयोजित होगी। जनसुनवाई का समय प्रातः 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक निर्धारित किया गया है, जहां नागरिक अपनी शिकायतें और समस्याओं से संबंधित आवेदन सीधे महापौर प्रीति संजीव सूरी के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे।

नगर निगम प्रशासन के अनुसार महापौर जनसुनवाई नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधे संवाद का सशक्त माध्यम बन चुकी है। इस व्यवस्था के माध्यम से लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाता है और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर उनके त्वरित निराकरण की प्रक्रिया शुरू कराई जाती है।

महापौर प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को सुगम, सहज और समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग शाखाओं के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि एक ही स्थान पर सभी संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में उनकी शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इसी सोच के साथ नियमित रूप से महापौर जनसुनवाई आयोजित की जा रही है।

महापौर ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करें और नगर निगम की इस जनहितकारी व्यवस्था का लाभ उठाएं। नगर निगम प्रशासन का विश्वास है कि इस पहल से नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित होने के साथ प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही भी मजबूत होगी।