26 अक्टूबर को लाल परेड ग्राउंड पर होने वाले एक करोड़ अर्चन को लेकर प्रशासन की सक्रियता बढ़ी
भोपाल: शहर के लाल परेड ग्राउंड में संत रावतपुरा सरकार महाराज जी के सानिध्य में शरद पूर्णिमा के अवसर पर 26 अक्टूबर को होने वाले अर्चन की तैयारियों का दौर लगातार जारी है। आज इसी क्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ प्रशासनिक अमले के आला अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरिक्षण कर कार्यक्रम के दौरान की जाने वाली प्रशासनिक तैयारियों के ब्लू प्रिंट को आकार दिया।
कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग के साथ भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधायक भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुकेश नायक एवं राजीव सिंह, पूर्व विधायक संजय शर्मा, भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार, भोपाल पुलिस आयुक्त संजय कुमार, डीसीपी रश्मि अग्रवाल दुबे सहित विद्युत मंडल एवं लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों ने लाल परेड ग्राउंड का निरीक्षण कर माँ राजराजेश्वरी हरिद्रा कोटि कुंकुमार्चन महाअनुष्ठान की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान जल, एंबुलेंस, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं।
आपको बता दें कि माँ राजराजेश्वरी कोटि कुंकुमार्चन अनुष्ठान में लगभग 50000 भक्त एक साथ बैठकर माँ का एक करोड़ अर्चन करेंगे। काशी, हरिद्वार, वृन्दावन के साथ रावतपुरा सरकार देवस्थानम के मुख्य वैदिक आचार्यों के साथ 1100 आचार्य इस महानुष्ठान को सम्पन्न कराएगे। स्वसिद्धि प्रदान करने वाला कलयुग का यह सबसे प्रभावी अनुष्ठान है। जिसमे कोई भी व्यक्ति भारतीय पारम्परिक वेशभूषा धारण कर शाम 5.30 बजे तक लाल परेड ग्राउंड पहुंचकर अपना स्थान ग्रहण कर सकते है। यह आयोजन पूरी तरह निशुल्क है इस अनुष्ठान में उपयोग होने वाली सम्पूर्ण सामग्री रावतपुरा सरकार लोक कल्याण ट्रस्ट द्वारा प्रदान की जाएगी।

