दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में 26 अक्टूबर से 01 नवंबर, 2026 तक ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह’ का आयोजन।

बिलासपुर: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में 26 अक्टूबर से 01 नवंबर, 2026 तक ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह’ का आयोजन किया जा रहा है । इस अवसर पर आज दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के सतर्कता विभाग द्वारा केंद्रीय सतर्कता आयोग के मार्गदर्शन में इस सप्ताह का शुभारंभ किया गया । इस अभियान का उद्देश्य संगठन एवं समाज में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व की संस्कृति को और अधिक सशक्त बनाना है । सतर्कता जागरूकता सप्ताह को अधिक प्रभावी, प्रयोजनमूलक एवं सार्थक बनाने के लिए विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।

“सत्यनिष्ठा से समृद्धि” के संदेश को आत्मसात करते हुए, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के सभी कार्यालयों एवं स्टेशनों पर एक साथ सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई । मुख्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने कार्य के प्रत्येक क्षेत्र में ईमानदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि “सत्यनिष्ठा केवल एक शब्द नहीं, बल्कि यह प्रत्येक रेलकर्मी के आचरण और कार्य संस्कृति की पहचान होनी चाहिए ।

सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं हितधारकों ने एक स्वर में यह प्रतिज्ञा की कि वे नैतिक मूल्यों का पालन करते हुए भ्रष्टाचार-मुक्त वातावरण निर्मित करने के लिए सदैव प्रयासरत रहेंगे और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए योगदान देंगे ।

सतर्कता जागरूकता सप्ताह शासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक आचरण के महत्व को पुनः रेखांकित करता है । दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे इन आदर्शों को अपने प्रत्येक कार्य में आत्मसात करते हुए ईमानदार, जिम्मेदार और पारदर्शी रेल सेवा प्रदान करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है ।