जनसमस्याओं और जनशिकायतों का त्वरित निराकरण तथा जानकारी पोर्टल में अपलोड करने के निर्देश

गौरेला पेंड्रा मरवाही, 24 जून 2025/ साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने जनसमस्याओं और जनशिकायतों के निराकरण की विभागवार समीक्षा की और संबंधित विभागों को लंबित प्रकरणों को तत्काल निराकृत करने और निराकरण की जानकारी पोर्टल में अपलोड करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रकरणों के निराकृत होने अथवा नहीं होने की स्थिति से आवेदकों को अवगत कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने निराकरण के लिए उच्च कार्यालय को अग्रेषित किए गए आवेदनों का फॉलोअप करने, राजस्व से संबंधित प्रकरणों का स्थल निरीक्षण करने तथा मजदूरी भुगतान से संबंधित शिकायतों की जांच कर कार्रवाई करने आदि के निर्देश देते हुए सभी जिला अधिकारियों को पूरी तैयारी के साथ बैठक में आने कहा। मुख्यमंत्री जनशिकायत के 19, मुख्यमंत्री निवास के 20, पीएमओ पोर्टल के 16, कलेक्टर जनदर्शन के 164 और विभिन्न विभागों से कलेक्टर कार्यालय को प्राप्त 104 आवेदनों का निराकरण लंबित है।