जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनी आमजनों की समस्याएं, अधिकारियों को शीघ्रता से निराकरण करने दिए निर्देश

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: अरपा सभा कक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर विजय दयाराम के. ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों एवं नागरिकों की समस्याएं बारी-बारी से सुनीं। जनसुनवाई में विभिन्न मांगों, समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित 48 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने आवेदनों का गंभीरता से अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों को नियमानुसार शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पैतृक भूमि पर अनावेदकों द्वारा अवैध कब्जा एवं निर्माण किए जाने संबंधी आवेदन पर तहसीलदार को मौका निरीक्षण कर वस्तुस्थिति की जानकारी लेने तथा प्राथमिकता से प्रकरण निराकृत करने कहा।
कलेक्टर ने आपसी सहमति से बंटवारे से संबंधित आवेदन पर पंचायत के प्रस्ताव के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई कराने कहा। उन्होंने विवादित राजस्व मामलों के निराकरण के लिए सक्षम न्यायालय में प्रकरण दर्ज कराने की सलाह दी। जनसुनवाई में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बकाया मजदूरी का भुगतान कराने तथा पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत अनुदान राशि दिलाने सहित विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों की जांच कर पात्रतानुसार लाभ एवं लंबित भुगतान दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने कहा। उन्होंने सभी आवेदनों पर निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पालन करते हुए शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।