जमीन के विवाद में दो भाइयों ने कर दी अपने छोटे भाई की हत्या
एंकर -गुनगा के काछी बरखेड़ा में जमीनी विवाद में दो भाइयों ने अपने छोटे भाई की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक को हमीदिया अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। उनके बीच विवाद इस बात को लेकर चल रहा था कि उनकी मां ने अपने हिस्से की जमीन छोटे बेटे को दी थी। जिस पर दो बड़े भाइयों ने कब्जा कर रखा था। पुलिस ने दो बड़े भाइयों और दो बेटों को फिलहाल हिरासत में लिया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है।गुनगा पुलिस के मुताबिक काछी बरखेड़ा निवासी 46 वर्षीय बनवारी सिंह ठाकुर खेती किसानी करता था। वह चार भाइयों में सबसे छोटा था। भाइयों की करीब 14 एकड़ संयुक्त खाते की जमीन थी। जिनका बंटवारा हो गया था। मां छोटे बेटे बनवारी के साथ रहती थी। इसलिए उन्होंने अपने हिस्से की जमीन बनवारी के नाम कर दी थी।मां के हिस्से की जमीन पर बनवारी के बड़े भाइयों विक्रम सिंह और भुजबल सिंह ने कब्जा कर रखा था। इसी जमीन को लेकर उनके बीच अक्सर विवाद होता था। इसी को लेकर भुजबल और बनवारी का विवाद हुआ। जिसमें भुजबल, विक्रम और उनके बेटों ने बनवारी पर डंडों से हमला कर दिया।उसे लहूलुहान करके भुजबल रात करीब 11 बजे थाने पहुंचा और पुलिस को बताया कि उस पर छोटे भाई बनवारी ने चाकू से हमला कर दिया है। इस बीच घायल बनवारी को इलाज के लिए हमीदिया भेजा गया, जहां रात में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने तड़के भुजबल सिंह, उसके दो बेटों और छोटे भाई विक्रम को हिरासत में लिया है। बनवारी की पत्नी ने अपने बयानों में छह लोगों के नाम बताए हैं। जिसमें विक्रम के दो बेटे भी शामिल हैं।
