छात्रा का अपहरण मामला नौ महीने बाद छात्रा ने दर्ज कराई शिकायत
गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली छात्रा को उसका परिचित युवक जबरन कार में बैठाकर ले गया। शहर में घुमाने के दौरान उसने छात्रा से छेड़खानी की। वापस छोड़ते समय उसने छात्रा को धमका दिया, जिसके कारण छात्रा करीब नौ महीने तक चुप रही। हाल में वह फिर से छात्रा को परेशान करने लगा तो मामले की शिकायत पुलिस को कर दी गई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है। गोविंदपुरा पुलिस के अनुसार 19 वर्षीय युवती मूलत: रायसेन जिले की रहने वाली है। भोपाल में कन्या छात्रावास में रहकर वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। इससे पूर्व वह कोटा राजस्थान में प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी करने के लिए गई थी। जहां पर उसकी दोस्ती तनिष्क जैन नाम के युवक से हुई थी। जल्द ही दोनों में अच्छी जान-पहचान हो गई। इस दौरान युवक की कुछ हरकतों के कारण युवती ने उससे दूरी बना ली और पिछले साल भोपाल आकर रहने लगी थी। गत 3 सितंबर को आरोपी तनिष्क जैन भोपाल पहुंचा और चेतक ब्रिज के पास से छात्रा को अपनी कार से अगवा कर लिया। आरोपी ने छात्रा को लेक व्यू और मनुआभान की टेकरी ले गया। इस दौरान आरोपी ने युवती के साथ छेड़छाड़ की थी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी तनिष्क ने उसे डराया धमकाया था। इस कारण पीडि़त छात्रा ने घटना के बारे में किसी को कुछ नहीं बताया। पिछले कुछ दिनों से छात्रा को फिर से परेशान करने लगा तो छात्रा ने मामले की शिकायत थाने में कर दी। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी तनिष्क जैन के खिलाफ अपहरण और छेड़छाड़ का प्रकरण दर्ज कर लिया है।
