डी.ए.टी.सी.सी. अंतर्गत जिला स्तरीय पर्यटन क्विज का आयोजन 01 अगस्त को

भोपाल : 700 से अधिक छात्र होंगे शामिल, सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे आकर्षण का केंद्र

जिला प्रशासन भोपाल द्वारा जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद (डी.ए.टी.सी.सी.) के अंतर्गत जिला स्तरीय पर्यटन क्विज का आयोजन 01 अगस्त 2025 को किया जाएगा। यह आयोजन कैम्पियन स्कूल, 1100 क्वार्टर्स, अरेरा कॉलोनी, भोपाल में प्रातः 10 बजे से सायं 06 बजे तक होगा।

इस प्रतियोगिता में भोपाल जिले की विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय शालाओं के 700 से अधिक विद्यार्थी भाग लेंगे। पर्यटन के प्रति जागरूकता बढ़ाने और विद्यार्थियों को पर्यटन की जानकारी से जोड़ने के उद्देश्य से यह क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।

पर्यटन क्विज दो चरणों में सम्पन्न होगी। प्रथम चरण में पर्यटन विषय पर आधारित लिखित प्रश्नोत्तरी होगी। लिखित परीक्षा में सफल विद्यार्थियों में से मेरिट सूची के आधार पर शीर्ष 6 टीमों का चयन किया जाएगा, जिन्हें मल्टीमीडिया राउंड में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इस राउंड की विजेता टीम को राज्य स्तरीय क्विज के लिए चयनित किया जाएगा।

सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे आयोजित

लिखित परीक्षा के उपरांत मूल्यांकन अवधि में विद्यार्थियों के लिए विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति, नटराज नृत्य, अहिल्याबाई होलकर के जीवन पर आधारित थियेटर नाटक आदि शामिल रहेंगे, जो विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणास्पद अनुभव प्रदान करेंगे।