विद्युत कंपनियों के मुख्यालय शक्तिभवन में स्वतंत्रता दिवस समारोह उल्लास और उत्साह से मनाया गया पूर्व क्षेत्र कंपनी ने 4 श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 69 कार्मिकों के साथ 15 कार्यालयों को भी पुरूस्कृत किया
जबलपुर,
मध्यप्रदेश विद्युत कंपनियों के मुख्यालय शक्तिभवन में 79 वां स्वतंत्रता दिवस समारोह उल्लास व उत्साह के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी के प्रबंध संचालक अविनाश लवानिया ने राष्ट्रीय ध्वज फहरा कर परेड की सलामी ली । अविनाश लवानिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि राज्य शासन द्वारा ऊर्जा क्षेत्र की लोकहित योजनाओं से प्रदेश के 85 प्रतिशत से अधिक घरेलू बिजली उपभोक्ता और लगभग 26 लाख कृषि पम्प उपभोक्ता लाभान्वित हो रहे हैं । इन योजनाओं के सफल क्रियान्वयन से छोटे-छोटे गांवों में और गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले हितग्राहियों को बिजली उपलब्ध हो गई है। मुख्य अतिथि अविनाश लवानिया ने विद्युत कंपनियों के कार्मिकों से आह्वान कि वे सब मिलकर बिजली उपभोक्ताओं को सतत्, विश्वसनीय व किफायती बिजली उपलब्ध करवाएं ।
उपभोक्ताओं को सतत् व गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति करने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं मुख्य अतिथि अविनाश लवानिया ने कहा कि प्रदेश की तीनों डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियां उपभोक्ताओं को सतत् व गुणवत्तापूर्ण बिजली सप्लाई करने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं । डिस्कॉम द्वारा ऐसी व्यवस्था की गई है कि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति करने में किसी भी प्रकार की रूकावट न आए । पूर्व क्षेत्र कंपनी ने अभी तक 11 लाख उपभोक्ताओं के परिसर में स्मार्ट मीटर लगा दिये हैं, साथ ही कंपनी ने बिजली चोरी पर नियंत्रण के लिए जन भागीदारी की दृष्टि से वी-मित्र एप को शुरु किया है । प्रारंभिक तौर पर इसके अच्छे परिणाम देखने को मिल रहे हैं। भारत सरकार विद्युत मंत्रालय की नेशनल स्मार्ट ग्रिड मिशन की वेबसाइट के अनुसार आरडीएसएस योजना के बेहतर क्रियान्वयन में पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी देश में छठे स्थान पर है । वहीं नोडल एजेंसी पीएफसी को आवंटित 17 राज्यों में ईस्ट डिस्कॉम का स्थान द्वितीय प्रदर्शित हो रहा है। उन्होंने कहा कि तीनों डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों ने दूसरे राज्यों की तुलना में ऊर्जा के प्रमुख सूचकांकों में-संग्रहण दक्षता में मध्यप्रदेश को देश में प्रथम स्थान दिलाया है। प्रदेश में 97.92 प्रतिशत संग्रहण क्षमता हासिल की गई है ।
पूर्व क्षेत्र कंपनी ने उत्कृष्ट कार्यों हेतु जारी की गई मार्गदर्शिका के आधार पर मुख्य रूप से 4 श्रेणियों में कार्मिकों एवं कार्यालयों को पुरूस्कृत करते हुए प्रशस्ति पत्र, रजत पदक, शील्ड एवं तृतीय तथा चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों हेतु 5 हजार रूपये नगद राशि पुरस्कार के रुप में प्रदान की गई ।
सामूहिक श्रेणी – सामूहिक श्रेणी के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य हेतु मुख्य रूप से वी मित्र ऐप के निर्माण एवं प्रचार-प्रसार करने वाली टीम के साथ 15 टीमों में कुल 48 कार्मिकों को पुरूस्कृत किया गया ।
वैयक्तिक श्रेणी – वैयक्तिक श्रेणी के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले 20 कार्मिकों को पुरूस्कृत किया गया ।
संस्थागत श्रेणी – संस्थागत श्रेणी के अंतर्गत वाणिज्य, प्रबंधन एवं प्रवर्तन हेतु 11 कार्यालयों को पुरस्कृत किया गया ।
Best Place to Work – Implementation of 5S Methodology के अंतर्गत कार्मिक एवं उपभोक्ताओं को कार्यालय में बेहतर वातावरण निर्मित करने वाले 04 कार्यालयों को पुरूस्कृत किया गया । जिसमें अधीक्षण अभियंता नरसिंहपुर वृत्त, जबलपुर क्षेत्र, पश्चिम संभाग जबलपुर तथा निदान कॉल सेंटर (1912) को भी पुरूस्कृत किया गया ।
इस अवसर पर पूर्व क्षेत्र कंपनी के प्रबंध संचालक अनय द्विवेदी, पावर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह, पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी, पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के मुख्य महाप्रबंधक (मा. संसा. एवं प्रशा.) एस. के. गिरिया सहित बड़ी संख्या में कार्मिक, सेवानिवृत्त कर्मी, महिलाएं व बच्चे उपस्थित थे ।

