ग्वालियर सिटी सर्किल से निकाले गये पुराने मीटरों में विद्युत चोरी के 32 मामले पकड़े
भोपाल:
06 लाख 85 हजार की बिलिंग, आरोपी उपभोक्ताओं ने जमा किये 02 लाख 17 हजार रूपये
स्मार्ट मीटर निकले पूरी तरह पारदर्शी और सटीक
ग्वालियर
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा पूरे कंपनी कार्यक्षेत्र में अब तक 3 लाख 35 हजार से अधिक स्मार्ट मीटर स्थापित कर दिये गये हैं। स्मार्ट मीटर की स्थापना के दौरान कंपनी द्वारा पुराने मीटरों को बदला जा रहा है और उपभोक्ता परिसरों में नये स्मार्ट मीटर स्थापित किये जा रहे हैं। ग्वालियर शहर सर्किल में स्मार्ट मीटर की स्थापना के दौरान उपभोक्ता परिसरों से निकाले गये पुराने मीटरों की एनएबीएल लैब में चेकिंग के दौरान चौकाने वाले तथ्य सामने आये हैं। उपभोक्ताओं के परिसर से निकाले गये ऐसे पुराने मीटरों में तकनीकी खराबी कर रेजिस्टेंस या अन्य छेड़छाड़ की गड़बड़ी के 32 मामले पकड़े गये हैं। इन गड़बड़ी वाले आरोपी उपभोक्ताओं पर कंपनी द्वारा 06 लाख 85 हजार की बिलिंग की गई है जिसमें से 12 मामलों में उपभोक्ताओं द्वारा मीटर में गड़बड़ी की बात स्वीकार कर 02 लाख 17 हजार की राशि कंपनी के खाते में जमा कराई है।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामले यह रेखांकित करते हैं कि स्मार्ट मीटर प्रभावी है और उसके द्वारा दर्ज खपत भी सटीक है। कंपनी ने यह भी कहा है कि स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य तेजी से जारी है और इस दौरान उपभोक्ता परिसरों के मीटरों की जॉंच और चेकिंग लगातार जारी रहेगी।
गौरतलब है कि मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा पूरे कंपनी कार्यक्षेत्र में अब तक 3 लाख 35 हजार से अधिक स्मार्ट मीटर स्थापित कर दिये गये हैं। कंपनी द्वारा उपभोक्ताओं के परिसर से निकाले गये ऐसे 2 हजार 430 मीटरों में तकनीकी खराबी कर रेजिस्टेंस या अन्य छेड़छाड़ की गड़बड़ी पकड़ी गई है। ये गड़बड़ी कंपनी की एनएबीएल मान्यता प्राप्त मीटर टेस्टिंग लैब में पकड़ी गई है। इन गड़बड़ी वाले आरोपी उपभोक्ताओं पर कंपनी द्वारा 4 करोड़ 92 लाख से अधिक की बिलिंग की गई है और इसमें से 1 हजार 439 मामलों में उपभोक्ताओं द्वारा मीटर में गड़बड़ी की बात स्वीकार कर 2 करोड़ 45 लाख से अधिक की राशि कंपनी के खाते में जमा कराई है।
