मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने चंबल नदी में बोटिंग की एवं बाइक बोट की सवारी कर प्राकृतिक सौंदर्य का लिया आनंद

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज चंबल नदी के अद्भुत और आकर्षक प्राकृतिक नजारे का अनुभव करते हुए बोटिंग की। बोट में बैठकर उन्होंने नदी की मनोहारी छटा को निहारा और इस मनमोहक सफर का आनंद लिया। मुख्यमंत्री के साथ सांसद सुधीर गुप्ता, गरोठ विधायक चंदर सिसोदिया, कमिश्नर आशीष सिंह, आईजी उमेश जोगा, कलेक्टर अदिती गर्ग, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा सहित अन्य जन, अधिकारी, कर्मचारी ने बोट की सवारी की।

बोटिंग के बाद मुख्यमंत्री ने स्वयं अपने हाथों से नदी में बाइक बोट चलाई। पानी की लहरों पर बाइक बोट चलाते हुए मुख्यमंत्री अत्यंत प्रसन्नचित और उत्साहित नजर आए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ न केवल पर्यटन को बढ़ावा देंगी बल्कि प्रदेश की प्राकृतिक धरोहरों को देखने-समझने का नया अवसर भी प्रदान करेंगी।

इसके उपरांत मुख्यमंत्री डॉ. यादव सफारी जीप में बैठकर एयर बलून स्थल की ओर रवाना हुए। रास्ते में उन्होंने सफारी जीप से टेंट सिटी का भी अवलोकन किया और यहां की पर्यटन सुविधाओं एवं आकर्षक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।