झपटमार गैंग का पर्दाफाश: महंगे शौक और नशे की लत ने बनाया नाबालिगों को चोर, ईरानी डेरे में ठिकाने लगाते थे चोरी का माल
भोपाल में लगातार हो रही झपटमारी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक गिरोह का अयोध्या नगर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो नाबालिगों सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिनसे 14 से 15 मोबाइल और 10 चोरी के दोपहिया वाहन जब्त किए गए हैं। एसीपी एमपी नगर मनीष भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि
यह गिरोह अपने महंगे शौक और नशे की लत को पूरा करने के लिए चोरी और झपटमारी करता था। आरोपी पहले सुनसान जगहों से बाइक चोरी करते थे और फिर उसी बाइक का इस्तेमाल कर राह चलते लोगों से मोबाइल छीनकर फरार हो जाते थे। चुराए गए मोबाइल को वे भेल क्षेत्र के खंडहर में छिपा देते थे और बाद में उन्हें ईरानी डेरे पर बेच दिया करते थे।यह गिरोह पिछले एक साल से पूरे भोपाल में सक्रिय था और इनके खिलाफ पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज हैं। फिलहाल, पुलिस इस मामले की आगे की जांच कर रही है और आशंका है कि इसमें और भी लोग शामिल हो सकते हैं।
