मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी कार्यक्षेत्र में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत अब तक 13 हजार से अधिक आदिवासी घर हुए रोशन
भोपाल 26 सितंबर। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा “प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान” (प्रधानमंत्री जनमन योजना) आरडीएसएस के तहत कंपनी कार्यक्षेत्र के 10 आदिवासी बहुल जिलों में अब तक बैगा, भारिया तथा सहरिया जनजाति परिवारों के 13 हजार से अधिक घरों को रोशन किया है। गौरतलब है कि कंपनी कार्यक्षेत्र के इन दस जिलों में ग्वालियर, विदिशा, अशोकनगर, श्योपुर, दतिया, गुना, शिवपुरी, रायसेन, मुरैना एवं भिण्ड शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा “प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान” (प्रधानमंत्री जनमन योजना) के तहत अब शेष लगभग एक हजार पात्र आदिवासी हितग्राहियों के घरों को जल्दी ही विद्युतीकृत कर रोशन किया जाएगा। यह योजना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रमुख योजनाओं में शामिल है जिस पर तीव्र गति से काम किया जा रहा है। इस योजना में आदिवासी बहुल गावों के बैगा, भारिया तथा सहरिया जनजाति के अविद्युतिकृत घरों को ऊर्जीकृत किया जा रहा है जिसमें कंपनी के अंतर्गत ग्वालियर में 210, विदिशा में 4316, मुरैना में 62, अशोकनगर में 794, श्योपुर में 1172, दतिया में 475, गुना में 2213, शिवपुरी में 3739, रायसेन में 257 एवं भिण्ड में 43 घरों में बिजली पहुंचाई गई है।
पीएम जनमन योजना अंतर्गत कंपनी कार्यक्षेत्र के 10 आदिवासी बहुल जिलों के (बैगा, भारिया, सहरिया) पात्र परिवारों के घरों को ऊर्जीकृत किया जा रहा है। इस योजना से एक ओर जहाँ आदिवासी परिवारों के बच्चों को पढ़ने-लिखने के साथ ही घरेलू कामकाज और रोजगार के अवसर मिल रहे हैं वहीं दूसरी ओर पीने के पानी, सड़क बत्ती और मूलभूत सुविधाएं मिलने से उनके रहन-सहन के स्तर में सुधार दिखाई दे रहा है।
