कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक : एग्रीस्टेक में शत प्रतिशत पंजीयन और ई-ऑफिस के माध्यम फाईल भेजने के दिए निर्देश

गौरेला पेंड्रा मरवाही, साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने योजनाओं-कार्यक्रमों की प्रगति की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने एग्रीस्टेक पंजीयन में किसानों का शत प्रतिशत पंजीयन कराने और पटवारियों से त्वरित सत्यापन कराने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर को होने वाले ग्राम सभा में एग्रीस्टेक में पंजीकृत किसानों के नामों का वाचन अनिवार्य रूप से किया जाए और ग्राम सभा का फोटोग्राफ एवं वीडियो अनिवार्य रूप से पोर्टल में अपलोड करने कहा। कलेक्टर ने डिजिटल क्राफ्ट सर्वे का भी समीक्षा कर लक्ष्य के अनुरूप प्रगति लाने और सभी कार्यालयों को ई-ऑफिस के माध्यम फाईल भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं अधीनस्थ कर्मचारियों का वित्त विभाग के निर्देशानुसार ई-केवाईसी कराने कहा, जिससे वेतन आहरण में किसी भी प्रकार की समस्या नहीं हो। साथ ही रजत जयंती वर्ष में हो रहे विभागीय कार्यक्रमों की फोटो-वीडियो पोर्टल पर अपलोड एवं आदि कर्मयोगी अभियान के तहत बनाए गए नोडल अधिकारियों को ट्रायवल विलेज विजन 2030 जमा करने के लिए कहा।
कलेक्टर ने जनसमस्याओं एवं जनशिकायतों के प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए नगरीय निकायों में एसटीपी के लिए भूमि आबंटन करने, भू-अर्जन, किसान आईडी कार्ड, ई-केवाईसी, आधार सीडिंग, वन अधिकार पट्टा, पीएम जनमन, समग्र शिक्षा, बीआरसी, आभा कार्ड, रेडक्रास सदस्यता, स्वच्छ भारत मिशन के तहत प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन यूनिटों की स्थापना, जल उपचार करने के लिए भूमि का चिन्हांकन करने, मोबाइल शिविर लगाकर श्रमिकों का पंजीयन कराने और योजनाओं का लाभ देने, ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण आदि के साथ ही पीएम पोर्टल, मुख्यमंत्री जनशिकायत एवं मुख्यमंत्री जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों को त्वरित निराकृत करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, संयुक्त कलेक्टर दिलेराम डाहिरे, एसडीएम मरवाही निकिता मरकाम, एसडीएम पेण्ड्रारोड विक्रांत अंचल, डिप्टी कलेक्टर देवेन्द्र सिरमौर सहित जिला, अनुविभाग एवं खण्ड स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।