अकलू बैगा को मिला आवास, उनका सपना हुआ पूरा

गौरेला पेंड्रा मरवाही, 20 नवंबर 2025/ विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा बहुल गौरेला विकासखंड के ग्राम धनौली (मेडिया कछार) के अकलू बैगा के जीवन में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना ने नई उम्मीदें और नई खुशियाँ भर दी हैं। वर्षों तक कच्चे और जर्जर घर में रहने को मजबूर अकलू बैगा के लिए पक्के घर का सपना अब सच हो गया है। खेती-किसानी से किसी तरह परिवार का गुजारा चलाने वाले अकलू बैगा बताते हैं, कि पहले हर मौसम उनके लिए चुनौती बनकर आता था। बरसात में टपकती छत, सर्दी में ठिठुरन और गर्मी में तपती दीवारें जीवन का हिस्सा थीं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे स्वयं पक्का घर नहीं बना पा रहे थे। लेकिन वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के अंतर्गत मिली स्वीकृति ने उनका जीवन बदल दिया। समय पर मिली वित्तीय सहायता और निर्माण सामग्री ने घर निर्माण की राह आसान कर दी। आज अकलू बैगा अपने परिवार के साथ एक मजबूत और सुसज्जित पक्के मकान में सुरक्षित जीवन बिता रहे हैं।
अकलू बैगा कहते हैं अब मेरे परिवार को मौसम की मार से राहत मिली है। यह घर हमारे लिए सिर्फ दीवारें नहीं, बल्कि सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास का नया आधार है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी का हृदय से धन्यवाद करता हूँ। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना का लक्ष्य देश के ग्रामीण और वंचित तबकों को सुरक्षित एवं गरिमामय आवास प्रदान करना है। यह योजना केवल घर निर्माण तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का माध्यम भी बन रही है। अकलू बैगा जैसे अनेक परिवार इस योजना के लाभ से आज नया जीवन जी रहे हैं।