स्मार्ट मीटर पखवाड़ा शुरू, उपभोक्ता जागरूकता के लिए चलाया जा रहा विशेष अभियान
भोपाल :
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा 9 फरवरी से 23 फरवरी 2026 तक स्मार्ट मीटर पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस दौरान कंपनी कार्यक्षेत्र के अंतर्गत उपभोक्ता जागरूकता को लेकर विशेष अभियान संचालित है। कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने बताया कि स्मार्ट मीटर पखवाड़ा के दौरान उपभोक्ताओं को जहां स्मार्ट मीटर के फायदे बताए जा रहे हैं, वहीं उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया जा रहा है।
इस दौरान उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर से होने वालें लाभों जैसे भुगतान सुविधा, रियल टाइम डेटा, खपत पर बेहतर नियंत्रण, सही एवं पारदर्शी बिलिंग, बेहतर सेवा के संबंध में व्यापक रूप से अवगत कराया जा रहा है। साथ ही उपभोक्ताओं के मोबाइल फोन में उपाय एप की डाउनलोडिंग एवं लाइव डेमोस्ट्रेशन किया जा रहा है, जिससे वे चौबीसों घंटे ऑनलाइन सेवाओं का लाभ उठा सकें।
स्मार्ट मीटर पखवाड़ा के दौरान गांव, शहर के मोहल्लों में घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर के फायदों की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा पंप्लेट, पोस्टर, वीडियो, ऑडियो, रेडियो, टीवी, सोशल मीडिया के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। जगह-जगह फ्लेक्स, होर्डिंग्स लगाकर जागरूक किया जा रहा है। स्व-सहायता समूहों, आंगनवाडी कार्यकर्ता आदि के द्वारा जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। इस दौरान चेक मीटर लगाकर स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली को परंपरागत मीटरों से तुलना करके भी बताया जा रहा है ताकि उपभोक्ताओं के मन में किसी तरह का भ्रम न रहे।
कंपनी कार्यक्षेत्र के अंतर्गत अब तक लगभग 07 लाख 42 हजार से अधिक स्मार्ट मीटर स्थापित किए जा चुके हैं। दिन के टैरिफ में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली की खपत पर 20 प्रतिशत की छूट प्रदान की जा रही है। जनवरी 2026 में कंपनी कार्यक्षेत्र के 05 लाख 20 हजार 457 स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को उनके मासिक विद्युत बिल में टाइम ऑफ डे (ToD) छूट का लाभ प्रदान करते हुए कुल 03 करोड़ 61 लाख 26 हजार की रियायत प्रदान की गई है कंपनी द्वारा स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को उनकी खपत के आधार पर टाइम ऑफ डे (ToD) छूट के तहत यह रियायत प्रदान की गई है।

