अभियोजन प्रकरणों में दोषसिद्धि बढ़ाने पर जोर, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने की समीक्षा बैठक

भोपाल:

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिला भोपाल एवं बैरसिया तहसील के 41 अभियोजन अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने सभी अभियोजन अधिकारियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें आवंटित कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने जिले में दर्ज आपराधिक प्रकरणों में दोषसिद्धि प्रतिशत की समीक्षा करते हुए महिला अपराध, जघन्य एवं चिन्हित प्रकरणों तथा एनडीपीएस मामलों में पृथक-पृथक दोषसिद्धि की स्थिति पर चर्चा की।

कलेक्टर मिश्रा ने दाण्डिक प्रकरणों में दोषसिद्धि बढ़ाने हेतु आवश्यक मानकों तथा दोषमुक्ति के प्रमुख कारणों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। उन्होंने साक्षी संरक्षण योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए साक्षियों को स्वतंत्र एवं दबावमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने अवैध नशा व्यापार पर सख्ती से रोक लगाने तथा आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध शासन की जीरो टॉलरेंस नीति को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्य में समन्वय, सजगता एवं परिणामोन्मुख दृष्टिकोण अपनाने पर बल दिया।

बैठक में विवेचना अधिकारियों एवं अभियोजन अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए गए। चिन्हित एवं सनसनीखेज प्रकरणों की वर्तमान स्थिति, विलंब के कारणों एवं उनके त्वरित निराकरण के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।