“सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” को भव्य बनाने की तैयारी तेज, जिला पंचायत सीईओ ने प्राचार्य को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
कटनी:
जिले में आयोजित होने जा रहे “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अब तेज हो गई हैं। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरसिमरनप्रीत कौर ने इस महत्वपूर्ण आयोजन को सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए शासकीय तिलक महाविद्यालय के प्राचार्य सुनील वाजपेई को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
संस्कृति संचालनालय भोपाल के निर्देशों के अनुरूप केंद्र सरकार द्वारा “स्वाभिमान वर्ष” के रूप में मनाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत देशभर में 1000 वर्षों की अटूट आस्था और सांस्कृतिक गौरव का स्मरण किया जा रहा है, जिसकी अवधि 11 जनवरी 2027 तक निर्धारित की गई है। इसी क्रम में कटनी जिले में भी विभिन्न सांस्कृतिक और जागरूकता गतिविधियों का आयोजन प्रस्तावित है।
सीईओ कौर ने आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को ध्यान में रखते हुए यह आयोजन जिले में व्यापक स्तर पर किया जाएगा। इसके सफल संचालन और समन्वय की जिम्मेदारी नोडल अधिकारी के रूप में वाजपेई निभाएंगे।
प्रशासन का उद्देश्य इस पर्व के माध्यम से न केवल ऐतिहासिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाना है, बल्कि युवाओं में सांस्कृतिक चेतना और स्वाभिमान की भावना को भी मजबूत करना है। अब देखना यह होगा कि यह आयोजन जिले में किस तरह जनभागीदारी का नया उदाहरण पेश करता है।

