फायर सेफ्टी सप्ताह में की जा रही जागरूकता गतिविधियां, स्वास्थ्य कर्मियों को दिया जा रहा हैंड्स ऑन प्रशिक्षण
भोपाल:
अग्नि सुरक्षा जागरूकता के लिए फायर सेफ्टी सप्ताह का आयोजन जिले की सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में किया जा रहा है। जिसमें शपथ, क्विज प्रतियोगिता, पोस्टर प्रतियोगिता, जागरूकता रैली के साथ कर्मचारियों को फायर सेफ्टी पर हैंड्सऑन ट्रेनिंग दी जा रही है। 04 से 10 मई तक मनाए जा रहे इस सप्ताह को “Safe School,Safe Hospital & Fire Safety Aware Society -Together for Fire Prevention” की थीम पर मनाया जा रहा है।
हाई इलेक्ट्रिसिटी लोड वाले उपकरणों की परख के निर्देश
संस्थाओं में उच्च विद्युत भार वाले चिकित्सकीय एवं अन्य उपकरणों के रखरखाव, गहन चिकित्सा इकाई, नवजात शिशु देखभाल इकाई, ऑपरेशन थिएटर आदि ऑक्सीजन समृद्ध वातावरण में अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा मानकों के पालन, फायर रिस्पांस प्लान्स की उपलब्धता, ज्वलनशील सामग्रियों का उचित संधारण एवं निपटान की परख की जा रही है।
आपात स्थितियों से निपटने स्वास्थ्य कर्मचारियों का उन्मुखीकरण
अस्पताल कर्मचारियों एवं चिकित्सकों को अग्नि सुरक्षा एवं आपातकालीन स्थिति में उपकरणों के उपयोग तथा कोड रेड ऑल क्लियर के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं के पालन हेतु उन्मुखीकरण किया जा रहा है।
फायर सेफ्टी की तैयारियों को लेकर सीएमएचओ कार्यालय ने जारी किए निर्देश
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय द्वारा सभी स्वास्थ्य संस्थानों को फायर सेफ्टी से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं । निर्देशों के अनुपालन में अस्पतालों में अग्नि सूचक एवं अग्निशामक यंत्रों की उपलब्धता, संचालन हेतु यूजर मैन्युअल की, फायर रिस्पांस प्लान, फायर सेफ्टी सम्बन्धी दस्तावेजों का भौतिक निरीक्षण किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य संस्थानों को फायर सेफ्टी मापदंड अनुरूप विकसित करने एवं संस्थानों में कार्यरत अधिकारियों व कर्मचारियों में फायर सेफ्टी के प्रति जागरूकता और प्रशिक्षण की गतिविधियां सप्ताह के दौरान की जा रही है।

