भोपाल मंडल में आयोजित हुई पर्यावरण जागरूकता कार्यशालाएं एवं जनजागरूकता कार्यक्रम
भोपाल:
भारतीय रेल द्वारा “विश्व पर्यावरण दिवस 2026” अभियान के अंतर्गत पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल में 15 मई से 05 जून 2026 तक विभिन्न पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस अभियान की थीम “Climate Change – Focusing on the challenges posed by Mother Earth” निर्धारित की गई है। अभियान के अंतर्गत स्वच्छ स्टेशन, प्लास्टिक प्रदूषण में कमी, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने हेतु विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में 18 मई 2026 को भोपाल मंडल के विभिन्न रेलवे प्रतिष्ठानों एवं प्रशिक्षण केंद्रों में रेलवे कर्मचारियों के लिए जलवायु परिवर्तन, अपशिष्ट प्रबंधन एवं सतत कार्यप्रणालियों विषय पर विशेष कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बीटीसी (सी एंड डब्ल्यू) इटारसी, बीटीसी ईएलएस (टीआरएस) इटारसी, डीजल लोको शेड इटारसी, डीआरएम कार्यालय भोपाल, एरिया ट्रेनिंग सेंटर आरकेएमपी तथा भोपाल मंडल के सभी प्रशिक्षण केंद्रों में आयोजित किए गए।
कार्यक्रमों का संचालन यांत्रिक विभाग, टीआरएस, डीजल शेड, परिचालन विभाग, कार्मिक विभाग एवं पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग प्रबंधन विभाग द्वारा किया गया। कार्यशालाओं के माध्यम से कर्मचारियों को जलवायु परिवर्तन के प्रभाव, अपशिष्ट पृथक्करण, प्लास्टिक उपयोग में कमी तथा पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया गया।
रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के बीच “Carry Your Own Water Bottle” अभियान चलाकर स्वयं की पानी की बोतल उपयोग करने हेतु प्रेरित किया गया। इस अभियान का उद्देश्य सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को कम करना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाना रहा।
डीजल लोको शेड इटारसी में कर्मचारियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन एवं सतत विकास विषयों पर सेमिनार एवं व्याख्यान आयोजित किए गए। कार्यक्रम का समापन अधिकारी प्रभारी द्वारा कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण हेतु सामूहिक सहभागिता का संदेश देते हुए किया गया। वहीं एरिया ट्रेनिंग सेंटर, आरकेएमपी में जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरणीय चुनौतियों पर विशेष कार्यशाला आयोजित कर कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनने के लिए प्रेरित किया गया।
भोपाल मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक मुक्त वातावरण, जल संरक्षण, वृक्षारोपण, ई-वेस्ट जागरूकता, सतत जीवनशैली एवं ऊर्जा संरक्षण से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा।
भोपाल मंडल यात्रियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनाने तथा हरित एवं स्वच्छ रेलवे की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।

