मनेहरा जंगल में करंट बिछाकर हो रहा था मौत का खेल, शिकारी चढ़ा पुलिस के हत्थे
कटनी:
माधवनगर थाना अंतर्गत निवार चौकी पुलिस ने ग्राम मनेहरा के जंगल में करंट लगाकर वन्यजीवों का शिकार करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मामले का खुलासा उस समय हुआ जब बीते 28 मार्च 2026 को जंगल क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि युवक करंट की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस चुका था और उसकी मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि जंगल में वन्यजीवों के शिकार के लिए अवैध रूप से बिजली का करंट फैलाया गया था।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया एवं थाना प्रभारी संजय दुबे के नेतृत्व में विशेष जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी राकेश उर्फ मंजा पिता बिहारी चौधरी (29 वर्ष) निवासी मनेहरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें करंट लगाकर शिकार करने की बात सामने आई।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 105 बीएनएस एवं विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई को वन्यजीव संरक्षण और अवैध शिकार पर बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पूरे अभियान में चौकी प्रभारी अंजनी मिश्र, राजेश कोरी, कमलेश्वर शुक्ला, प्रधान आरक्षक गौरव सेन, मनीष कुमार, आरक्षक अरविंद एवं बकिल की सराहनीय भूमिका रही।

