शिवपुरी के डायल-112 हीरोज

भोपाल :

परित्यक्त अवस्था में मिले नवजात शिशु को सुरक्षित संरक्षण देकर पहुँचाया अस्पताल

शिवपुरी जिले के थाना पोहरी क्षेत्र में डायल-112 जवानों की संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्यवाही से गाँव के बाहर परित्यक्त अवस्था में मिले एक नवजात शिशु को सुरक्षित संरक्षण प्रदान करते हुए समय पर अस्पताल पहुँचाया गया। पुलिस की मानवीय पहल से नवजात को तत्काल चिकित्सकीय देखभाल उपलब्ध कराई जा सकी।

30 जूनको राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना प्राप्त हुई कि थाना पोहरी क्षेत्र अंतर्गत अगररा गाँव में नहर के पास एक नवजात शिशु परित्यक्त अवस्था में मिला है, जिसे कोई अज्ञात व्यक्ति छोड़कर चला गया है। तत्काल पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना प्राप्त होते ही पोहरी थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को मौके के लिए रवाना किया गया तथा वरिष्ठ अधिकारियों को भी घटना की सूचना दी गई।

डायल-112 स्टाफ आरक्षक राम निवास सिंह एवं पायलट कमल किशोर शर्मा तत्काल घटनास्थल पर पहुँचे और नवजात शिशु को सुरक्षित संरक्षण में लिया। इसके उपरांत डायल-112 टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए नवजात शिशु को डायल-112 वाहन से शासकीय चिकित्सालय पोहरीमें भर्ती कराया।

डायल-112 हीरोजश्रृंखला की यह घटना दर्शाती है कि डायल-112 सेवा केवल आपातकालीन सहायता प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि असहाय बच्चों एवं जरूरतमंद नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए मानवीय संवेदनाओं के साथ हर परिस्थिति में सहायता पहुँचाने का कार्य निरंतर कर रही है।