जनरल कोच में मिली लाश से मचा हड़कंप, कटनी स्टेशन पर घंटों चली जांच
कटनी : मुंबई से बनारस जा रही ट्रेन संख्या 12167 एलटीटी–बनारस एक्सप्रेस के जनरल कोच में शुक्रवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से कटनी रेलवे जंक्शन पर हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन, जीआरपी और आरपीएफ मौके पर पहुंच गए। शव मिलने की खबर से यात्रियों में भी सनसनी फैल गई और कुछ देर के लिए प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार ट्रेन के कटनी रेलवे स्टेशन पहुंचने पर जनरल कोच में एक व्यक्ति के अचेत अवस्था में पड़े होने की सूचना रेलवे अधिकारियों को मिली। सूचना मिलते ही डिप्टी एसएस कमर्शियल मुकेश मिश्रा तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बिना देर किए रेलवे चिकित्सक, राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कराई।
मौके पर पहुंची रेलवे मेडिकल टीम ने व्यक्ति का परीक्षण किया, जिसमें उसे मृत घोषित किया गया। इसके बाद रेलवे स्टाफ और सफाई मित्रों के सहयोग से शव को सावधानीपूर्वक कोच से बाहर निकालकर प्लेटफॉर्म पर लाया गया। प्रारंभिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए जीआरपी के सुपुर्द कर दिया गया।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। साथ ही मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद कुछ समय तक स्टेशन पर हलचल का माहौल बना रहा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है।

