कटनी में अपराधियों पर कोतवाली पुलिस का शिकंजा, थाने में लगी ‘हाजिरी’, एक दर्जन बदमाशों को कड़ी चेतावनी

कटनी: 

शहर में लगातार हो रही चोरी, झपटमारी और लूट की वारदातों पर लगाम कसने के लिए कोतवाली पुलिस ने मंगलवार रात ऐसा अभियान चलाया जिसने आदतन अपराधियों की नींद उड़ा दी। पुलिस ने एक दर्जन चिन्हित बदमाशों को थाने बुलाकर उनकी हाजिरी दर्ज कराई, उनकी वर्तमान गतिविधियों की बारीकी से पड़ताल की और साफ शब्दों में चेतावनी दी कि अब अपराध की राह पर एक भी कदम बढ़ाया तो सीधी और सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।

यह विशेष अभियान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राखी पाण्डेय के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान के दौरान उन अपराधियों को थाने तलब किया गया जिनका नाम पूर्व में चोरी, झपटमारी, लूट और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों में सामने आ चुका है।

थाने में पहुंचे सभी आदतन अपराधियों का विस्तृत सत्यापन किया गया। पुलिस ने उनका डिजिटल डोजियर तैयार कर प्रत्येक की गतिविधियों को रिकॉर्ड में शामिल किया, ताकि भविष्य में उनकी हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके। अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि दोबारा किसी भी आपराधिक घटना में संलिप्तता मिली तो किसी प्रकार की रियायत नहीं दी जाएगी।

कोतवाली पुलिस का मानना है कि शहर में बढ़ती चोरी और झपटमारी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि आदतन अपराधियों की लगातार निगरानी और समय-समय पर उनकी हाजिरी भी आवश्यक है। विशेष रूप से रेलवे स्टेशन, आउटर क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर होने वाली मोबाइल चोरी एवं झपटमारी की घटनाओं को रोकने के लिए इस रणनीति को प्रभावी माना जा रहा है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ इसी तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार चलते रहेंगे। अपराधियों पर निगरानी और त्वरित कार्रवाई के जरिए जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की दिशा में यह अभियान एक अहम कदम माना जा रहा है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय, उप निरीक्षक कुलदीप सिंह, बस स्टैंड चौकी प्रभारी, खिरहनी चौकी प्रभारी सहित थाना कोतवाली के पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने सक्रिय भूमिका निभाई।