31 अगस्त तक चलेगा दस्तक अभियान सह स्टॉप डायरिया कैंपेन
भोपाल:
हीमोग्लोबिन की जांच के साथ ही बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए पिलाया जाएगा विटामिन ए
5 साल तक के बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण के लिए 14 जुलाई से दस्तक अभियान की शुरूआत की गई है। 31 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान के दौरान बच्चों में निमोनिया, गंभीर कुपोषण, एनीमिया स्क्रीनिंग एवं दस्त रोग प्रबंधन जागरूकता गतिविधियां की जाएंगी।
अभियान में बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के लिए विटामिन ए का घोल पिलाया जाएगा। डिजिटल हिमोग्लोबीनोमीटर से हिमोग्लोबीन की जांच एवं एनीमिया के स्तर के अनुसार प्रोटोकॉल के अनुरूप उपचार दिया जाएगा।
दस्तक अभियान में सघन दस्त नियंत्रण कार्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है। जिसमें ओ आर एस का पैकेट और जिंक की गोलियां निशुल्क दी जा रही हैं।परिजनों को दस्त रोग के लक्षणों की जानकारी देकर ओआरएस बनाने की विधि, जिंक के उपयोग एवं फायदों के बारे में जानकारी देने के लिए सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में ओआरएस कॉर्नर की स्थापना की गई है।
महिला एवं बाल विकास के सहयोग से दस्तक अभियान के दौरान मिले गंभीर कुपोषित बच्चों को उपचार के लिए पोषण पुनर्वास केन्द्रों में भर्ती करवाया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि अभियान में स्वास्थ्य व महिला एवं बाल विकास विभाग के मैदानी कार्यकर्ता भोपाल के तीन लाख बच्चों को स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाएं दे रहे हैं। परिजन अपने बच्चों की रोग प्रतिरोधक शक्ति को बढ़ाने के लिए विटामिन ए जरूर पिलवाएं।

