पंच-ज अभियान के अंतर्गत सत्य साई लॉ कॉलेज में हुआ वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
भोपाल:
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशन में तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भोपाल मनोज कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,भोपाल द्वारा सचिव सुनीत अग्रवाल के नेतृत्व में पंच-ज अभियान के अंतर्गत सत्य साई लॉ कॉलेज में वृक्षारोपण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जिला विधिक सहायता अधिकारी मुहम्मद जीलानी की सहभागिता रही। महाविद्यालय की ओर से डॉ. प्रतिभा सिंह, डायरेक्टर, डॉ. अंजू बाजपेयी, प्राचार्य, सत्य साई लॉ कॉलेज फॉर वूमेन तथा डॉ. रेणु मिश्रा, प्राचार्य, सत्य साई कॉलेज फॉर वूमेन सहित प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विधि छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के लगभग 100 पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण एवं संवर्धन का भी संकल्प लिया।
सचिव सुनीत अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन, बढ़ता तापमान, पर्यावरण प्रदूषण एवं घटता वन क्षेत्र सम्पूर्ण मानवता के समक्ष गंभीर चुनौती बन चुके हैं। इन चुनौतियों का प्रभावी समाधान अधिकाधिक वृक्षारोपण तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण में निहित है। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित ही नहीं रखते, बल्कि कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर वैश्विक तापवृद्धि को कम करने, प्राणवायु (ऑक्सीजन) उपलब्ध कराने, वर्षा चक्र को नियमित करने, भूजल स्तर को संरक्षित रखने तथा जैव विविधता के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यदि प्रत्येक नागरिक प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ पर्यावरण प्रदान किया जा सकता है।
उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने, अधिकाधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल को अपनी सामाजिक एवं नैतिक जिम्मेदारी के रूप में निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत तथा विधिक जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी भी प्रदान की गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि विधिक सेवा प्राधिकरण समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्यरत है तथा प्रत्येक नागरिक को न्याय तक सरल एवं समान पहुँच सुनिश्चित करना इसका प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन, हरित भारत के निर्माण तथा प्रकृति के संरक्षण हेतु निरंतर वृक्षारोपण एवं पौधों की देखभाल का संकल्प लिया।

