लाल परेड ग्राउंड पर होगा स्वतंत्रता दिवस राज्य स्तरीय मुख्य समारोह
भोपाल:
स्वतंत्रता दिवस का राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम 15 अगस्त को प्रातः 9:00 बजे से लाल परेड ग्राउंड पर आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर संभाग आयुक्त कर्मवीर शर्मा ने शुक्रवार को कमिश्नर कार्यालय के सभाकक्ष में समीक्षा बैठक ली। बैठक में संयुक्त आयुक्त विकास डॉ. विनोद यादव, सेनानी सातवीं वाहिनी हितेश चौधरी, नगर निगम, पुलिस, पीडब्ल्यूडी, स्वास्थ्य, विद्युत सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
संभाग आयुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि समारोह गरिमापूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्था आदि की तैयारियां चाक-चोबंद और समय से पूरी करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में आने वाले स्कूली बच्चों और परेड में भाग लेने वाले पुलिस बल आदि का विशेष ध्यान रखा जाए। संभाग आयुक्त ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम में गणमान्य नागरिकों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों को सम्मान पूर्वक आमंत्रित करने की व्यवस्था की जाए.
बारिश के मद्देनजर विशेष व्यवस्था करें
मानसून के मद्देनज़र शर्मा ने विशेष निर्देश दिए कि बारिश की स्थिति में भी कार्यक्रम बाधित न हो। इसके लिए वॉटरप्रूफ टेंट, अतिरिक्त शेड, जल निकासी और मैदान में कीचड़ से बचाव के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया है। दर्शकों और प्रतिभागियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी तैयार रखने के निर्देश दिए गए।
सायंकाल होगा देशभक्ति आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम
स्वतंत्रता दिवस की संध्या को रवीन्र्म भवन में देश भक्ति पूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। संभागायुक्त ने कार्यक्रम संबंधी सभी व्यवस्थाएं उत्कृष्ट रूप से संपादित करने के निर्देश दिए।

