रेलवे मजिस्ट्रेट की सघन जांच अभियान में टिकट चेकिंग एवं अवैध वेंडिंग पर कड़ी कार्रवाई

भोपाल:

रेलवे यात्रियों को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं नियमसम्मत यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज रेलवे मजिस्ट्रेट भोपाल अनुराग खरे द्वारा वरिष्ठ लोक अभियोजक (रेलवे) अनिल कुमार सिंह के साथ विशेष जांच अभियान चलाया गया।

इस दौरान गाड़ी संख्या 11077 झेलम एक्सप्रेस के पेंट्रीकार का निरीक्षण किया गया तथा टिकट जांच एवं अवैध वेंडिंग के विरुद्ध सघन कार्रवाई की गई। जांच के दौरान अवैध वेंडिंग करने वालों के विरुद्ध जनविश्वास विधेयक के तहत ₹8,000 का जुर्माना लगाया गया। वहीं टिकट जांच अभियान में भोपाल से बीना के मध्य बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों से टिकट जांच स्टाफ द्वारा ₹36,750 की जुर्माना राशि वसूल की गई।
इसके उपरांत बीना रेलवे स्टेशन पर रेलवे मजिस्ट्रेट द्वारा कैम्प कोर्ट का आयोजन किया गया। कैम्प कोर्ट में अवैध वेंडिंग, रेल लाइन पार करना, बिना टिकट यात्रा, महिला एवं दिव्यांग कोच में अनधिकृत यात्रा, चेन पुलिंग तथा रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत दर्ज मामलों का त्वरित निस्तारण किया गया।

इस कार्रवाई के दौरान रेलवे सुरक्षा बल की विभिन्न पोस्टों से प्रस्तुत कुल 160 मामलों में ₹2,29,920 का जुर्माना अधिरोपित कर मौके पर ही वसूल किया गया। इनमें बीना पोस्ट एवं अशोकनगर आउटपोस्ट के 104, भोपाल पोस्ट के 20, रानी कमलापति पोस्ट के 3, इटारसी पोस्ट के 3, विदिशा पोस्ट के 17 तथा गंजबासौदा पोस्ट के 13 मामले शामिल रहे।

भोपाल मंडल द्वारा यात्रियों से अपील की गई है कि वे वैध टिकट के साथ यात्रा करें, रेलवे नियमों का पालन करें तथा अवैध वेंडिंग, रेल लाइन पार करने एवं अन्य नियम विरुद्ध गतिविधियों से बचें। रेलवे नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सघन अभियान जारी रहेगा।