“छात्रावासी विद्यार्थियों को और बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने शासन के समक्ष रखा जाएगा प्रस्ताव” : नेताम

भोपाल:

मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग सदस्य भगतसिंह नेताम द्वारा गुरुवार को राजधानी भोपाल स्थित अनुसूचित जनजाति एवं जाति छात्रावासों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य छात्रावासों में विद्यार्थियों को प्रदान की जा रही सुविधाओं का प्रत्यक्ष मूल्यांकन करना एवं शैक्षणिक वातावरण को और अधिक सुदृढ़ बनाना था।

भ्रमण के दौरान नेताम ने प्रोफेसर कॉलोनी स्थित अनुसूचित जनजाति महाविद्यालयीन कन्या छात्रावास एवं अनुसूचित जाति सीनियर कन्या छात्रावास का जायजा लिया। इसके पश्चात उन्होंने कटारा हिल्स पहुँचकर आकांक्षा कन्या छात्रावास, आकांक्षा बालक छात्रावास तथा अनुसूचित जाति सीनियर कन्या छात्रावास का अवलोकन किया। कटारा हिल्स स्थित ‘कन्या शिक्षा परिसर’ की छात्राओं से आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए नेताम ने उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने एवं अपने स्वर्णिम भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।

निरीक्षण के दौरान आयोग सदस्य नेताम ने शासन द्वारा संचालित योजनाओं एवं प्रदत्त सुविधाओं के संबंध में छात्र- छात्राओं से सीधे फीडबैक प्राप्त किया। विद्यार्थियों के अनुभव जानने के उपरांत उन्होंने छात्रावास की व्यवस्थाओं को और अधिक उन्नत एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए उपस्थित वार्डन्स को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। नेताम ने कहा कि छात्रावासी विद्यार्थियों को उत्कृष्ट एवं गुणवत्तापूर्ण सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए आयोग द्वारा शासन के समक्ष शीघ्र ही आवश्यक प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान जिला कार्यालय के सहायक संचालक अजय जायसवाल, मंडल संयोजक अमित अरजरिया तथा संभागीय कार्यालय की सहायक संचालक अभिलाषा दुबे उपस्थित रहे।