उफनते नाले में जान हथेली पर रख स्कूल जाते मासूम, वायरल वीडियो ने खोली विकास की हकीकत
कटनी: जिले की ढीमरखेड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत लालपुर के सगवा गांव से सामने आया एक मार्मिक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में स्कूली बच्चे उफनते नाले को पार कर जान जोखिम में डालते हुए स्कूल जाते दिखाई दे रहे हैं। बारिश के बीच मासूमों का यह संघर्ष सरकारी विकास और ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं के दावों पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सगवा गांव आज भी पक्की सड़क जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित है। बरसात शुरू होते ही गांव का संपर्क लगभग कट जाता है और बच्चों, महिलाओं तथा ग्रामीणों को कीचड़ भरे रास्तों और तेज बहाव वाले नालों को पार कर आवागमन करना पड़ता है। स्कूल जाने वाले मासूम रोजाना अपनी जान जोखिम में डालने को मजबूर हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक कोई स्थायी व्यवस्था नहीं कर सके हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन जिला पंचायत और जनपद पंचायत के अधिकारियों की ओर से केवल आश्वासन ही मिले हैं। निरीक्षण और विकास के दावों के बावजूद जमीनी स्थिति जस की तस बनी हुई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने गंभीरता दिखाई होती तो आज बच्चों को ऐसी खतरनाक परिस्थितियों से नहीं गुजरना पड़ता।
वायरल वीडियो के बाद ग्रामीणों ने कलेक्टर से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए दोषी अधिकारियों से जवाब-तलब करने और गांव में प्राथमिकता के आधार पर पक्की सड़क व सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था कराने की अपील की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
सगवा गांव की यह तस्वीर एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि जब देश शिक्षा और ग्रामीण विकास के नए आयाम गढ़ने की बात कर रहा है, तब भी कई गांवों के बच्चे स्कूल पहुंचने के लिए अपनी जान दांव पर लगाने को विवश हैं। अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि वह इस गंभीर समस्या का तत्काल समाधान करता है या फिर किसी बड़े हादसे के बाद ही व्यवस्था जागती है।

