संबल योजना के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करें – कलेक्टर

भिण्ड: कलेक्टर भिण्ड की अध्यक्षता में समय सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत भिण्ड, अपर कलेक्टर सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी तथा कई अधिकारी वर्चुअल रूप से उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकता वाले सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि लापरवाही या अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कलेक्टर ने 100 दिवस से अधिक लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इनका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर ने सभी जनपद सीईओ एवं नगरीय निकायों के सीएमओ को मुख्यमंत्री जन कल्याण संबल योजना के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए। लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता जल्द मिले और उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन पेंशन योजना के तहत अधिक से अधिक श्रमिकों का पंजीयन करानें के निर्देश दिये।

बैठक में कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्‍फ्रेंस से संबंधित विभागों के बिन्‍दुओं की समीक्षा की गई। कलेक्‍टर ने निर्धारित प्राथमिकताओं के अनुरूप विभागवार प्रगति की विस्‍तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्‍होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने-अपने बिन्‍दुओं पर अद्यतन जानकारी रखें तथा प्राप्‍त निर्देशों का प्रभावी क्रियान्‍वयन सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने समस्त विभाग अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए की न्यायालयीन प्रकरण का जबाव दावा समय पर प्रस्तुत करें। लापरवाही बरतने पर संबंधित जिला अधिकारी की जवाबदेही होगी।