पंचवटी भेड़ाघाट से शुरू हुई 121 किलोमीटर की पंच दिवसीय कांवड़ यात्रा
पंचवटी भेड़ाघाट, जबलपुर:
संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री धर्मेंद्र लोधी बने कांवड़िया, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का दिया संदेश
सात समंदर पार अमेरिका से भारत लौटे आईआईटीयन सत्येंद्र लोधी करेंगे 121 किलोमीटर पदयात्रा
पंचवटी भेड़ाघाट, जबलपुर से भगवान शिव की आराधना और आस्था के साथ पंच दिवसीय 121 किलोमीटर लंबी कांवड़ यात्रा का शुभारंभ हुआ। धार्मिक आस्था, सनातन परंपरा और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को समर्पित इस यात्रा में मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी स्वयं कांवड़ लेकर शामिल हुए। इस कांवड़ यात्रा की विशेषता यह है कि इसमें धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को भी प्रमुखता दी गई है। मंत्री लोधी ने कहा कि भगवान शिव की आराधना प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण की प्रेरणा देती है। कांवड़ यात्रा हमारी आस्था और सनातन परंपरा से जुड़ी है, इसलिए इस यात्रा के माध्यम से भगवान शिव की भक्ति के साथ साथ प्रकृति की सेवा और स्वच्छता का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। यात्रा के पूरे मार्ग में विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए स्वच्छता टीम भी यात्रा के साथ चल रही है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा मार्ग में स्वच्छता बनाए रखने और अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जाएगा।
यात्रा में विशेष आकर्षण 15 वर्ष अमेरिका में व्यतीत कर भारत लौटे आईआईटीयन सत्येंद्र लोधी की सहभागिता है। सात समंदर पार अमेरिका से भारत लौटे सत्येंद्र लोधी 121 किलोमीटर की पूरी यात्रा पैदल चलकर पूरी करेंगे। उनकी यह सहभागिता युवाओं के लिए आस्था, अपनी परंपराओं से जुड़ाव, भारतीय संस्कृति और सामाजिक सरोकारों का प्रेरणादायी संदेश देती है।
यह कावड़ यात्रा पंचवटी भेड़ाघाट से प्रारंभ होकर ग्राम मजीठा, ग्राम पथरौल, पवई धाम, शहपुरा होते हुए प्रथम दिवस पाटन पहुंचेगी। दूसरे दिन तेंदूखेड़ा, तीसरे दिन तेजगढ़ और चौथे दिन घांघरी होते हुए पांचवें दिन मंत्री श्री लोधी की जबेरा विधानसभा में स्थित प्रसिद्ध जागेश्वरनाथ धाम, बांदकपुर पहुंचेगी। यहां भगवान शिव का जलाभिषेक कर यात्रा का समापन होगा।

