मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान में 12 वर्षों से लंबित प्रकरणों का हुआ निराकरण
भोपाल :
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत गुरुवार को कोलार तहसील स्थित एसडीएम कार्यालय एवं नगर निगम भोपाल के जोन क्रमांक-19 परिसर में विशेष कॉलोनी सेल जनसुनवाई शिविर आयोजित किया गया। विधायक रामेश्वर शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा एवं एडीएम सुमित पांडे ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।
शिविर का उद्देश्य “मीटिंग कम, काम ज्यादा” की कार्यसंस्कृति को धरातल पर उतारते हुए प्रशासनिक सेवाओं को सीधे नागरिकों तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का पारदर्शी और संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित करना था।
विशेष कॉलोनी सेल जनसुनवाई में पिंक सिटी के दो परिवारों को 12 वर्षों बाद मिला आधिपत्य
एडीएम सुमित पांडे को जनसुनवाई में पिंक सिटी कॉलोनी के दो परिवारों ने बताया कि वे पिछले 12 वर्षों से अपने आवास का आधिपत्य प्राप्त करने के लिए परेशान थे। प्रशासन ने बिल्डर को मौके पर बुलाकर सीधी चर्चा की और दोनों परिवारों को उसी दिन आवास का आधिपत्य दिलाया।
माय सिटी कॉलोनी में विद्युत आपूर्ति एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों पर बिल्डर को दो माह के भीतर सभी आवश्यक अधोसंरचनात्मक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। सर्वजन गृह निर्माण सोसायटी के रहवासियों से संवाद कर उनकी शिकायतों का तत्काल निराकरण कराया गया।
मंदाकिनी गृह निर्माण सोसायटी में लंबे समय से लंबित निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी ढंग से शीघ्र पूरा कराने के लिए वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए।
राजस्व एवं नागरिक सेवाओं का भी त्वरित समाधान
शिविर में सीमांकन संबंधी प्रकरण प्राप्त होने पर संबंधित राजस्व निरीक्षक एवं पटवारी को तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। विशेष कॉलोनी सेल काउंटर के साथ ही सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी, आयुष्मान कार्ड, समग्र ई-केवाईसी, किसान आईडी, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं जल जीवन मिशन से जुड़े आवेदनों का भी प्राथमिकता से निराकरण किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि कोलार क्षेत्र के तेजी से हो रहे विस्तार को देखते हुए इसका सुनियोजित विकास तथा नागरिकों को पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत ऐसे शिविर निरंतर आयोजित कर नागरिकों को उनके क्षेत्र में ही राहत प्रदान की जाएगी।

