केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने हरी झंडी दिखाकर कोलारस स्टेशन पर उज्जैनी एक्सप्रेस के प्रायोगिक ठहराव का किया शुभारंभ
भोपाल:
कोलारस एवं आसपास के क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सौगात के रूप में उज्जैनी एक्सप्रेस का कोलारस रेलवे स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव प्रारंभ हो गया है। माननीय केंद्रीय संचार एवं उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री, भारत सरकार ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने कोलारस रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में हरी झंडी दिखाकर उज्जैनी एक्सप्रेस के प्रायोगिक ठहराव का शुभारंभ किया।
यात्रियों की सुविधा एवं क्षेत्रीय रेल संपर्क को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से गाड़ी संख्या 14309/14310 लक्ष्मीबाई नगर–योगनगरी ऋषिकेश–लक्ष्मीबाई नगर उज्जैनी एक्सप्रेस का भोपाल मंडल के कोलारस स्टेशन पर दो मिनट का ठहराव प्रदान किया गया है। गाड़ी संख्या 14310 योगनगरी ऋषिकेश–लक्ष्मीबाई नगर उज्जैनी एक्सप्रेस का कोलारस स्टेशन पर आगमन 20:43 बजे एवं प्रस्थान 20:45 बजे रहेगा। यह ठहराव 01 सितंबर 2026 से प्रभावी है। वहीं गाड़ी संख्या 14309 लक्ष्मीबाई नगर–योगनगरी ऋषिकेश उज्जैनी एक्सप्रेस का कोलारस स्टेशन पर आगमन 23:34 बजे एवं प्रस्थान 23:36 बजे रहेगा। इसका ठहराव 02 सितंबर 2026 से प्रभावी होगा।
उज्जैनी एक्सप्रेस के कोलारस स्टेशन पर ठहराव से कोलारस एवं आसपास के क्षेत्र के यात्रियों को सीधे तौर पर बेहतर रेल आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। इस ठहराव से यात्रियों को उज्जैनी एक्सप्रेस के माध्यम से योगनगरी ऋषिकेश, लक्ष्मीबाई नगर तथा मार्ग में आने वाले प्रमुख स्टेशनों तक सुविधाजनक रेल यात्रा का विकल्प मिलेगा।
यह ठहराव क्षेत्र के यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही सुविधा की आवश्यकता को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्थानीय आवागमन के साथ-साथ क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक एवं पर्यटन संबंधी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर माननीय विधायक कोलारस महेंद्र रामसिंह यादव, माननीय अध्यक्ष जिला पंचायत शिवपुरी नेहा यादव, माननीय अध्यक्ष नगर परिषद कोलारस प्रियंका शिवहरे, माननीय जिला अध्यक्ष भाजपा शिवपुरी जसमंत जाटव एवं अन्य गणमान्य नागरिक, मीडिया प्रतिनिधि तथा रेल प्रशासन की ओर से अपर मंडल रेल प्रबंधक योगेन्द्र बघेल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया, अन्य रेलवे अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में यात्री उपस्थित रहे।
भोपाल मंडल द्वारा यात्रियों की आवश्यकताओं एवं क्षेत्र की मांगों को ध्यान में रखते हुए यात्री सुविधाओं के विस्तार और रेल संपर्क को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कोलारस स्टेशन पर उज्जैनी एक्सप्रेस का ठहराव इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को अधिक सुविधाजनक एवं बेहतर रेल सेवा उपलब्ध होगी।

