सीईओ जिला पंचायत के मुख्य आतिथ्य में कनावर में आयोजित हुआ वृहद वृक्षारोपण एवं बीजारोपण कार्यक्रम

भिण्ड :

जिला पंचायत सीईओ  वीरसिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में कनावर स्थित बाल संस्कार केंद्र एवं शिव मंदिर परिसर में वृहद वृक्षारोपण एवं बीजारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान 151 पौधों का रोपण किया गया तथा एक लाख से अधिक बीजों के बीजारोपण हेतु आमजन को प्रेरित और आह्वान किया गया, जिसके तहत प्रारंभिक रूप से 1100 बीजों का बीजारोपण किया गया। बाल संस्कार केंद्र, कनावर के शिष्यों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सीईओ  चौहान ने अन्य अतिथियों की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि बीजारोपण कार्यक्रम के लिए ऐसे बीज चुने गए हैं जिन्हें कम देखभाल और कम पानी की आवश्यकता है और जिनकी जीवित रहने की दर 90 प्रतिशत से अधिक है। उन्होंने बताया कि अगले एक सप्ताह में सभी बीज अंकुरित हो जाएंगे। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे आसपास के क्षेत्रों को हरा-भरा बनाने में अपना योगदान दें।

मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद एवं ग्राम पंचायत कनावर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संतुलन एवं ग्रामीण क्षेत्रों में हरित क्षेत्र का विस्तार करने के साथ आमजन को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।

कार्यक्रम में अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि, जन अभियान परिषद व प्रस्फुटन समिति के पदाधिकारीगण, ग्राम सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक, बाल संस्कार केंद्र के कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन जिला समन्वयक डॉ. शिवप्रताप सिंह भदौरिया ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रस्फुटन समिति के समाजसेवी  विजय सिंह द्वारा किया गया।