धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान से जनजातीय क्षेत्रों में विद्युत सुविधाओं का विस्तार तेज
भोपाल :
20 जिलों में 9,989 जनजातीय परिवारों को मिला विद्युत कनेक्शन, 10,010 विद्युत कार्य पूर्ण
धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (DA-JGUA) के अंतर्गत जनजातीय बहुल क्षेत्रों में विद्युत अधोसंरचना को मजबूत करने और प्रत्येक पात्र परिवार तक बिजली की सुविधा पहुंचाने के कार्यों में तेजी आई है। मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अंतर्गत आने वाले 20 जिलों में अभियान के तहत विद्युत कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
31 अगस्त 2026 तक उपलब्ध प्रगति के अनुसार, अभियान के तहत डीपीआर में 20,198 घरेलू विद्युत कनेक्शनों तथा 119 सार्वजनिक सुविधाओं सहित कुल 20,317 विद्युत कार्यों का प्रावधान किया गया है। इनमें से अब तक 9,989 घरेलू कनेक्शन तथा 21 सार्वजनिक सुविधाओं सहित कुल 10,010 विद्युत कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं। इसके साथ ही 143 बसाहटों में भी विद्युत कार्य पूर्ण किए गए हैं।
अभियान के अंतर्गत दमोह और छतरपुर में निर्धारित घरेलू एवं सार्वजनिक सुविधा संबंधी कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं। वहीं नरसिंहपुर, पन्ना सहित अन्य जिलों में भी स्वीकृत कार्यों की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। शेष कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की दिशा में कार्य जारी है।
विद्युत वितरण कंपनी द्वारा जनजातीय क्षेत्रों में विश्वसनीय एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति के साथ विद्युत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य जनजातीय बहुल क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और सामाजिक विकास के लिए बेहतर विद्युत सुविधा उपलब्ध कराना है।
