भोपाल मंडल में 17 सितम्बर से शुरू होगा ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान

भोपाल:

स्वच्छ एवं विकसित भारत के संकल्प को साकार करने तथा रेलवे परिसरों में स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2026 तक ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही 1 से 15 अक्टूबर 2026 तक ‘स्वच्छता पखवाड़ा-2026’ तथा 2 से 31 अक्टूबर 2026 तक ‘विशेष अभियान 6.0’ का आयोजन किया जाएगा। ये सभी अभियान 2 अक्टूबर 2026 को मनाए जाने वाले स्वच्छ भारत दिवस की पूर्व तैयारी एवं व्यापक जनजागरूकता के रूप में आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष अभियान की मुख्य थीम ‘स्वच्छता में सहभाग; स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ है।

भोपाल मंडल में अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन, यात्री प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म, रेलगाड़ियां, रेलवे कॉलोनियां, कार्यालय, यार्ड तथा रेल परिसरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाए जाएंगे। इसके साथ ही यात्रियों, रेल कर्मचारियों, विद्यार्थियों, युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों एवं स्थानीय नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने पर विशेष जोर रहेगा।

अभियान के दौरान लंबे समय से गंदगी वाले स्थानों को चिन्हित कर उनकी विशेष सफाई, कचरा हटाने, सौंदर्यीकरण एवं स्वच्छता के स्थायी प्रबंधन पर कार्य किया जाएगा, ताकि इन स्थानों पर दोबारा गंदगी न हो। साथ ही कचरे का पृथक्करण, उचित निस्तारण, प्लास्टिक कचरे में कमी तथा सफाई मित्रों की सुरक्षा, सम्मान एवं कल्याण से संबंधित गतिविधियों को भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया जाएगा।

‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के अंतर्गत 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक विभिन्न चरणों में गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें विद्यार्थियों एवं युवाओं की सहभागिता, चिन्हित गंदगी वाले स्थानों का कायाकल्प, स्टेशन एवं रेलगाड़ियों की विशेष सफाई, स्वच्छता जनजागरूकता अभियान, खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश, पर्यटन एवं विरासत स्थलों की सफाई तथा ‘कबाड़ से कला’ जैसी गतिविधियां शामिल रहेंगी। अभियान के अंतिम चरण में सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

1 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान के अंतर्गत सामूहिक श्रमदान का आयोजन किया जाएगा। वहीं 2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर स्वच्छता शपथ, जनजागरूकता कार्यक्रम, श्रमदान एवं पौधरोपण सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
इसके पश्चात 1 से 15 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता पखवाड़ा-2026’ के अंतर्गत रेलवे परिसरों में गहन स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान ट्रैक एवं रेलवे परिसरों के आसपास जमा पुराने कचरे को हटाने, अनधिकृत पोस्टर-बैनर एवं गुटखा प्रभावित स्थानों की सफाई, कचरे के पृथक्करण तथा स्वच्छता संबंधी जागरूकता गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

इसके साथ ही 2 से 31 अक्टूबर 2026 तक ‘विशेष अभियान 6.0’ के तहत स्वच्छता एवं लंबित कार्यों के निस्तारण पर केंद्रित गतिविधियां संचालित की जाएंगी। अभियान का उद्देश्य रेलवे परिसरों को अधिक स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित एवं यात्री सुविधाओं के अनुकूल बनाना है।

भोपाल मंडल रेल प्रशासन ने यात्रियों एवं आमजन से अपील की है कि वे रेलवे परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें, कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें तथा गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की आदत अपनाएं। रेल प्रशासन ने सभी यात्रियों एवं नागरिकों से ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान में सक्रिय सहभागिता कर ‘स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया है।