भोपाल, अशोकनगर एवं इटारसी स्टेशनों पर औचक टिकट जाँच अभियान चलाया गया बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों पर ₹1.26 लाख से अधिक जुर्माना

भोपाल :

बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से भोपाल मंडल द्वारा विभिन्न स्टेशनों एवं ट्रेनों में नियमित एवं आकस्मिक टिकट जाँच अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में भोपाल मंडल के अशोकनगर, इटारसी एवं भोपाल रेलवे स्टेशनों पर तीन विशेष टिकट जाँच अभियान आयोजित किए गए।

अशोकनगर स्टेशन पर पहली बार किलाबंदी टिकट जाँच

अशोकनगर रेलवे स्टेशन पर पहली बार किलाबंदी टिकट जाँच अभियान आयोजित किया गया। मुख्य टिकट निरीक्षक  नरेंद्र जाटव के नेतृत्व में 6 टिकट जाँच कर्मचारियों द्वारा की गई जाँच के दौरान 66 यात्री बिना टिकट अथवा अनियमित यात्रा करते पाए गए। इन यात्रियों से ₹47,200/- का रेल राजस्व वसूल किया गया।

इटारसी स्टेशन पर किलाबंदी टिकट जाँच

इटारसी रेलवे स्टेशन पर मुख्य टिकट निरीक्षक हेमंत सोनी के नेतृत्व में 11 टिकट जाँच कर्मचारियों के सहयोग से किलाबंदी टिकट जाँच अभियान चलाया गया। जाँच के दौरान 76 यात्री बिना टिकट अथवा अनियमित यात्रा करते पाए गए, जिनसे ₹61,090/- का रेल राजस्व वसूल किया गया।

भोपाल स्टेशन पर रेलवे मजिस्ट्रेट जाँच

भोपाल रेलवे स्टेशन पर आयोजित रेलवे मजिस्ट्रेट जाँच के दौरान मुख्य टिकट निरीक्षक सुनील वर्गीस के साथ 4 टिकट जाँच कर्मचारियों द्वारा प्रभावी टिकट जाँच की गई। इस दौरान बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों से ₹18,200/- का रेल राजस्व वसूल किया गया।

इस प्रकार इन तीनों विशेष टिकट जाँच अभियानों में कुल 218 यात्रियों से ₹1,26,490/- का रेल राजस्व वसूल किया गया।

भोपाल रेलवे स्टेशन पर आयोजित रेलवे मजिस्ट्रेट जाँच के दौरान रेलवे मजिस्ट्रेट, भोपाल अनुराग खरे के नेतृत्व में वाणिज्य विभाग, रेलवे सुरक्षा बल एवं राजकीय रेलवे पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा भोपाल रेलवे स्टेशन तथा ट्रेनों में भी औचक निरीक्षण किया गया। संयुक्त टीम द्वारा गाड़ी संख्या 12174 उद्योगनगरी एक्सप्रेस एवं 22538 कुशीनगर एक्सप्रेस में खानपान एवं वेंडिंग व्यवस्था, साफ-सफाई तथा भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही खानपान सामग्री की गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुपालन की जाँच की गई।

सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि यात्रियों को सुगम एवं सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराने के साथ-साथ बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा यात्रियों को निर्धारित टिकट के साथ यात्रा करने के लिए जागरूक करने हेतु इस प्रकार के आकस्मिक टिकट जाँच अभियान निरंतर जारी रखे जा रहे हैं।