भोपाल मंडल के 88 रेलवे स्टेशनों पर पेयजल गुणवत्ता की व्यापक निगरानी

भोपाल :

रेल यात्रियों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डीआरएम  पंकज त्यागी के मार्गदर्शन में पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल में रेलवे स्टेशनों पर पेयजल व्यवस्था की व्यापक जांच, सफाई एवं निगरानी की गई। अभियान के अंतर्गत मंडल के 88 रेलवे स्टेशनों को कवर करते हुए पानी की टंकियों, नलों, वाटर बूथों एवं पाइपलाइन व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि पेयजल व्यवस्था की नियमित निगरानी एवं स्वच्छता अभियान के दौरान 3582 नलों तथा 995 वाटर बूथों की सफाई की गई। साथ ही, पेयजल भंडारण व्यवस्था को स्वच्छ बनाए रखने के लिए 278 पानी की टंकियों की सफाई की गई।

पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 64 स्थानों पर पाइपलाइनों की मरम्मत/आवश्यकतानुसार बदलाव किया गया। इससे स्टेशनों पर यात्रियों के लिए पेयजल की उपलब्धता एवं व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में सहायता मिली।
पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न स्टेशनों से 164 पानी के नमूने लिए गए और निर्धारित मानकों के अनुरूप उनकी जांच की गई। जांच में सभी 164 नमूने मानक अनुरूप पाए गए, जबकि किसी भी नमूने के असफल होने की सूचना नहीं है।

पूरे अभियान के दौरान पेयजल व्यवस्था की सफाई, रखरखाव एवं गुणवत्ता निगरानी के लिए 270 मानवबल/विशेष ड्राइव तैनात किए गए। भोपाल मंडल द्वारा रेलवे स्टेशनों पर पेयजल व्यवस्था की नियमित निगरानी, पानी की टंकियों एवं वाटर बूथों की सफाई तथा आवश्यक रखरखाव का कार्य निरंतर किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।