अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य अहिरवार ने कन्या छात्रावास का किया निरीक्षण

भोपाल:

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म-दिवस के उपलक्ष्य में संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य बारेलाल अहिरवार ने रविवार को शासकीय अनुसूचित जाति महाविद्यालयीन कन्या छात्रावास, पंचशील नगर, भोपाल का निरीक्षण किया।

अहिरवार ने छात्रावास परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद उन्होंने छात्रावास में निवासरत छात्राओं से संवाद किया और प्रतिभाशाली छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

अहिरवार ने छात्राओं को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न रोजगारोन्मुखी एवं स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से इन योजनाओं का लाभ लेकर शिक्षा और कौशल के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।