राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर बच्चों को खिलाई गई एल्बेंडाजोल गोली

भोपाल: 

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर भोपाल जिले में 01 से 19 वर्ष तक के बच्चों को कृमिनाशक एल्बेंडाजोल गोली का सेवन कराया गया। यह अभियान शासकीय एवं निजी स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों, मदरसों और छात्रावासों में आयोजित किया गया। अभियान के तहत 20 से 49 वर्ष की ऐसी महिलाओं को भी एल्बेंडाजोल दवा का सेवन कराया गया, जो गर्भवती या धात्री नहीं हैं।

अभियान के पहले दिन 6 अक्टूबर को जिले के 63 प्रतिशत बच्चों को दवा खिलाई गई। दवा सेवन से छूट गए बच्चों के लिए 9 अक्टूबर को मॉप-अप राउंड आयोजित किया जाएगा, जिसमें शेष बच्चों को दवा का सेवन कराया जाएगा।

बच्चों को दवा का सेवन सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास तथा स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। अभियान की निगरानी क्षेत्रीय संयुक्त संचालक भोपाल से उपसंचालक डॉ. एस.के. बौद्ध, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ. मनीष शर्मा तथा जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. रितेश रावत द्वारा की गई।