भोपाल मंडल में विशेष टिकट चेकिंग अभियान में 5,672 मामले पकड़े, ₹48.44 लाख जुर्माना वसूला
भोपाल :
मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया के निर्देशन में यात्रियों को उचित टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूक करने तथा बिना टिकट एवं अनुचित टिकट यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से 01 अक्टूबर से 07 अक्टूबर 2026 तक विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान भोपाल मंडल के प्रमुख स्टेशनों एवं ट्रेनों में वाणिज्य विभाग की टिकट चेकिंग टीमों द्वारा सघन जांच की गई। भोपाल, इटारसी, बीना, गुना एवं हरदा स्टेशनों पर विशेष रूप से व्यापक टिकट जांच अभियान चलाया गया।
भोपाल स्टेशन पर सर्वाधिक 2,902 मामले पकड़े गए
भोपाल स्टेशन पर अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा के 1,460 मामले पकड़े गए, जिनसे ₹14,49,045 जुर्माना राशि वसूल की गई। अनुचित टिकट के 1,391 मामलों में ₹10,56,100 तथा बिना बुक किए सामान के 51 मामलों में ₹15,440 जुर्माना राशि अर्जित की गई। इस प्रकार भोपाल स्टेशन पर कुल 2,902 मामलों में ₹25,20,585 जुर्माना वसूला गया।
इटारसी स्टेशन पर 1,308 मामलों में कार्रवाई
इटारसी स्टेशन पर बिना टिकट यात्रा के 679 मामले पकड़े गए, जिनसे ₹6,64,325 जुर्माना वसूला गया। अनुचित टिकट के 611 मामलों में ₹4,86,435 तथा बिना बुक किए सामान के 18 मामलों में ₹4,700 जुर्माना राशि अर्जित की गई। इस प्रकार कुल 1,308 मामलों में ₹11,55,460 जुर्माना वसूला गया।
बीना स्टेशन पर 1,001 मामलों में कार्रवाई
बीना स्टेशन पर बिना टिकट यात्रा के 497 मामले पकड़े गए, जिनसे ₹4,17,535 जुर्माना राशि वसूल की गई। अनुचित टिकट के 498 मामलों में ₹3,52,015 तथा बिना बुक किए सामान के 06 मामलों में ₹2,800 जुर्माना वसूला गया। इस प्रकार कुल 1,001 मामलों में ₹7,72,350 जुर्माना राशि अर्जित की गई।
गुना स्टेशन पर 304मामलों में कार्रवाई
गुना स्टेशन पर बिना टिकट यात्रा के 213 मामले पकड़े गए, जिनसे ₹1,87,195 तथा अनुचित टिकट के 91 मामलों में ₹74,055 जुर्माना राशि वसूल की गई। इस प्रकार गुना स्टेशन पर कुल 304 मामलों में ₹2,61,250 की जुर्माना राशि अर्जित की गई।
हरदा स्टेशन पर 157मामलों में कार्रवाई
हरदा स्टेशन पर बिना टिकट यात्रा के 115 मामले पकड़े गए, जिनसे ₹1,03,400 जुर्माना राशि वसूल की गई। अनुचित टिकट के 39 मामलों में ₹30,400 तथा बिना बुक किए सामान के 03 मामलों में ₹600 जुर्माना राशि अर्जित की गई। हरदा स्टेशन पर कुल 157 मामलों में ₹1,34,400 जुर्माना वसूला गया।
01 से 07 अक्टूबर तक चलाए गए विशेष टिकट चेकिंग अभियान में भोपाल, इटारसी, बीना, गुना एवं हरदा स्टेशनों पर कुल 5,672 मामले पकड़े गए, जिनसे रेलवे को ₹48,44,045 की जुर्माना राशि प्राप्त हुई।
टिकट चेकिंग अभियान के दौरान बिना टिकट एवं अनुचित टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ-साथ बिना बुक किए सामान ले जाने वाले यात्रियों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की गई। अभियान का उद्देश्य यात्रियों को रेलवे नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सभी यात्रियों को उचित टिकट के साथ यात्रा करने के लिए प्रेरित करना है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने यात्रियों से अपील की है कि वे उचित एवं वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें तथा अपने साथ ले जाए जाने वाले सामान को नियमानुसार बुक कराएं। उन्होंने कहा कि रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा एवं बेहतर यात्री सेवाओं के साथ-साथ रेलवे नियमों के प्रभावी पालन के लिए टिकट जांच अभियान निरंतर जारी रखे जाएंगे।

