रेलवे सुरक्षा बल के महानिरीक्षक राजीव कुमार यादव ‘मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस’ से सम्मानित

भोपाल :

पश्चिम मध्य रेलवे के रेलवे सुरक्षा बल के महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त राजीव कुमार यादव को उनकी उत्कृष्ट, समर्पित एवं सराहनीय सेवाओं के लिए रेलवे सुरक्षा बल स्थापना दिवस 2026 के अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में आयोजित समारोह में भारत के माननीय राष्ट्रपति द्वारा प्रदत्त प्रतिष्ठित ‘मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस’ (MSM) से सम्मानित किया गया। यह सम्मान रेलवे सुरक्षा बल की महानिदेशक सोनाली मिश्रा द्वारा प्रदान किया गया।
यह प्रतिष्ठित सम्मान यादव के रेल सुरक्षा, यात्री संरक्षा, रेलवे संपत्ति की सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में दीर्घकालीन योगदान, उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है।

राजीव कुमार यादव ने वर्ष 1998 में रेलवे सुरक्षा बल में अपनी सेवाएं प्रारंभ कीं। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील पदों पर कार्य करते हुए प्रशासनिक दक्षता, अनुशासन और समर्पित कार्यशैली की विशिष्ट पहचान बनाई। उग्रवाद एवं नक्सल प्रभावित रेल क्षेत्रों में कार्य करते हुए उन्होंने स्थानीय पुलिस, सेना तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर महत्वपूर्ण रेलवे प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और रेल परिचालन को सुचारु बनाए रखने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई।

उनके नेतृत्व एवं सेवाकाल में रेलवे संपत्ति की चोरी करने वाले गिरोहों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, यात्रियों एवं महिलाओं की सुरक्षा, संकटग्रस्त एवं लावारिस बच्चों के बचाव तथा मादक पदार्थों से संबंधित अपराधों की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया गया। कुंभ मेले जैसे बड़े आयोजनों में भीड़ प्रबंधन तथा यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इसके अतिरिक्त, यादव ने रेलवे सुरक्षा बल के आधारभूत ढांचे के विकास, प्रशिक्षण व्यवस्था में सुधार, आधुनिक सुरक्षा तकनीकों के उपयोग तथा बल के कर्मचारियों के कल्याण एवं कार्यक्षमता में वृद्धि के लिए निरंतर प्रयास किए। उन्होंने अपराध नियंत्रण, यात्रियों के सामान की चोरी की रोकथाम, साइबर सुरक्षा तथा रेल परिचालन को प्रभावित करने वाली असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण को प्राथमिकता दी।

यादव को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पूर्व में भी डीजी इंसिग्निया (DG Insignia), सिक्योरिटी शील्ड (Security Shield) एवं महाप्रबंधक पुरस्कार (GM Award) सहित विभिन्न पुरस्कारों एवं प्रशस्तियों से सम्मानित किया जा चुका है।

राजीव कुमार यादव को ‘मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस’ से सम्मानित किया जाना रेलवे सुरक्षा बल के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। यह सम्मान उनकी कर्तव्यनिष्ठा, नेतृत्व क्षमता तथा रेल यात्रियों और रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के प्रति समर्पण को रेखांकित करता है। उनकी यह उपलब्धि रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवाओं, समर्पण और कर्तव्यपरायणता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करती है।