प्रधानमंत्री आवास योजना से साकार हुआ सोमारी का पक्के घर का सपना

रायपुर :

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) जरूरतमंद परिवारों के पक्के घर के सपने को साकार कर रही है। बस्तर जिले के जनपद पंचायत तोकापाल अंतर्गत ग्राम पंचायत सिंगनपुर की 52 वर्षीय सोमारी के जीवन में भी इस योजना से सकारात्मक बदलाव आया है। कभी कच्चे मकान में बारिश, धूप और ठंड की परेशानियां झेलने वाला उनका पांच सदस्यीय परिवार अब अपने पक्के आवास में सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर रहा है।

सोमारी, पति रिठु राम, के लिए सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण पक्का मकान बनाना कठिन था। बरसात के दिनों में कच्चे घर की छत से पानी टपकने और हर साल मरम्मत की चिंता बनी रहती थी। वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत उनके नाम 27 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के आवास की स्वीकृति मिली। आवास निर्माण के लिए उन्हें तीन किस्तों में कुल 1 लाख 20 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई। इसमें पहली किस्त के रूप में 40 हजार रुपए, दूसरी किस्त में 55 हजार रुपए और तीसरी किस्त में 25 हजार रुपए मिले। इस सहायता से उनका पक्का मकान बनकर तैयार हो गया।

सोमारी के परिवार को आवास के साथ अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का भी लाभ मिला है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत एलपीजी गैस कनेक्शन, जल जीवन मिशन से नल के माध्यम से पेयजल तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अतिरिक्त आवास निर्माण के दौरान मनरेगा के अंतर्गत 90 दिनों की मजदूरी का भुगतान भी किया गया, जिससे परिवार को अतिरिक्त आर्थिक सहायता मिली।

पक्का मकान बनने से सोमारी के परिवार को मौसम की परेशानियों से राहत मिली है। अब उन्हें बारिश में छत टपकने या बार-बार मकान की मरम्मत कराने की चिंता नहीं रहती। मरम्मत पर खर्च होने वाली राशि की बचत से परिवार को बच्चों की शिक्षा और अन्य घरेलू आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायता मिल रही है। घर में पेयजल, शौचालय और रसोई गैस जैसी सुविधाएं उपलब्ध होने से परिवार का दैनिक जीवन भी पहले से अधिक सुविधाजनक हुआ है।

सोमारी बताती हैं कि पक्का घर बनाना उनके परिवार का वर्षों पुराना सपना था, जो प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से पूरा हुआ है। अब उनका परिवार सुरक्षित आवास में रह रहा है और भविष्य को लेकर अधिक आश्वस्त है। उन्होंने पक्का मकान और अन्य बुनियादी सुविधाएं मिलने पर खुशी व्यक्त करते हुए शासन के प्रति आभार जताया।