भोपाल मंडल ने प्रथम छह माह में ₹1,096 करोड़ से अधिक का ऑरिजिनेटिंग रेवेन्यू अर्जित किया

भोपाल :

पश्चिम मध्य रेल ने चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम छह माह में राजस्व अर्जन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इस अवधि में पश्चिम मध्य रेल ने कुल ₹4,695 करोड़ 41 लाख का ऑरिजिनेटिंग रेवेन्यू अर्जित किया, जो पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि में अर्जित ₹4,291 करोड़ 83 लाख की तुलना में ₹403 करोड़ 58 लाख अधिक है। इस प्रकार राजस्व में 9.40 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

इस अवधि में भोपाल मंडल ने ₹1,096 करोड़ 27 लाख का ऑरिजिनेटिंग रेवेन्यू अर्जित कर पश्चिम मध्य रेल की राजस्व वृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

पश्चिम मध्य रेल ने वित्तीय वर्ष के प्रथम छह माह में यात्री यातायात से ₹1,409 करोड़ 83 लाख, माल यातायात से ₹3,030 करोड़ 46 लाख, अन्य कोचिंग मदों से ₹99 करोड़ 24 लाख तथा विविध आय से ₹155 करोड़ 88 लाख का राजस्व अर्जित किया। इसमें माल यातायात राजस्व का प्रमुख स्रोत रहा।

यात्रियों की सुविधा और बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए भोपाल मंडल द्वारा नियमित ट्रेनों के अतिरिक्त विशेष ट्रेनों का संचालन एवं उनकी अवधि का विस्तार, ट्रेनों में अतिरिक्त कोचों की व्यवस्था तथा प्रतीक्षा सूची कम करने के लिए अतिरिक्त यात्री क्षमता उपलब्ध कराने जैसे प्रयास किए जा रहे हैं। यात्रियों की आवश्यकताओं के अनुरूप ट्रेनों को अतिरिक्त ठहराव प्रदान करने पर भी ध्यान दिया जा रहा है, ताकि यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा और कन्फर्म बर्थ की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।

माल परिवहन को प्रोत्साहित करने के लिए माल गोदामों में लोडिंग एवं अनलोडिंग सुविधाओं के विस्तार, मौजूदा सुविधाओं के उन्नयन, नए माल गोदामों के विकास तथा गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल और नई साइडिंग विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही व्यवसाय विकास इकाइयों के माध्यम से नए माल यातायात को आकर्षित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

गैर-किराया राजस्व बढ़ाने के लिए भी नए स्रोतों की पहचान तथा नई अभिनव गैर-किराया राजस्व विचार योजना के अंतर्गत उपलब्ध संभावनाओं का उपयोग करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

भोपाल मंडल द्वारा यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार, माल परिवहन को प्रोत्साहन तथा राजस्व के विभिन्न स्रोतों को सुदृढ़ करने के लिए वाणिज्य एवं परिचालन विभाग के समन्वय से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।