पीएम जनमन आवास योजना से धीरपाल सिंह बैगा के पक्के घर का सपना हुआ साकार

गौरेला पेंड्रा मरवाही: विकासखंड गौरेला अंतर्गत ग्राम पंचायत धनौली के ढाढ़ीपारा निवासी धीरपाल सिंह बैगा के लिए पीएम जनमन आवास योजना खुशियों की नई सौगात लेकर आई है। इस योजना के माध्यम से उनका अपने पक्के घर का सपना अब साकार होने जा रहा है। धीरपाल सिंह बैगा पहले मिट्टी के कच्चे मकान में अपने परिवार के साथ निवास करते थे। उनका कच्चा मकान बरसात के दिनों में अनेक परेशानियों का कारण बनता था। बारिश के दौरान खपरैल से पानी टपकने और घर में सीलन होने के कारण उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। ऐसे में परिवार के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक आवास की आवश्यकता हमेशा बनी रहती थी। पीएम जनमन आवास योजना के अंतर्गत जैसे ही धीरपाल सिंह बैगा के नाम से आवास स्वीकृत हुआ, उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने उत्साह के साथ अपने नए घर का निर्माण कार्य शुरू कराया। आज उनका आवास लगभग पूर्ण हो चुका है। पक्के घर के निर्माण से उनके परिवार को सुरक्षित, बेहतर और सम्मानजनक जीवन की नई उम्मीद मिली है।
धीरपाल सिंह के लिए यह आवास केवल एक मकान नहीं, बल्कि सुरक्षा, सम्मान और खुशहाल भविष्य का प्रतीक है। योजना के माध्यम से उन्हें बरसात के दिनों में कच्चे मकान में होने वाली परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है। यह पहल विशेष रूप से जनजातीय परिवारों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनके जीवन स्तर में सुधार लाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है। अपने आवास निर्माण से प्रसन्न होकर धीरपाल सिंह बैगा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि पीएम जनमन आवास योजना से उनका पक्के घर का सपना पूरा होने जा रहा है, जिससे उनके परिवार को बेहतर जीवन जीने का अवसर मिलेगा।