बदरौड़ी और अमारू में वित्तीय समावेशन शिविर का आयोजन, ग्रामीणों को दी गई बैंकिंग योजनाओं की जानकारी
गौरेला पेंड्रा मरवाही: वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने और ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाओं एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से मरवाही विकासखंड के ग्राम बदरौड़ी में वित्तीय समावेशन शिविर का आयोजन किया गया। इसी क्रम में ग्राम अमारू में भी शिविर लगाकर ग्रामीणों को बैंकिंग संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। बदरौड़ी में आयोजित शिविर में ग्रामीणों को बैंक खातों में आधार सीडिंग कराने, प्रधानमंत्री बीमा योजनाओं, जनधन खातों तथा बैंकिंग सुविधाओं का लाभ लेने के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही ‘आपकी पूंजी, आपका अधिकार’ अभियान के तहत पिछले 10 वर्षों से अधिक समय से निष्क्रिय पड़े बैंक खातों एवं उनमें जमा राशि की जानकारी देकर संबंधित खाताधारकों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
शिविर में ग्राम पंचायत की सरपंच हेमा वाई श्याम, जिला पंचायत के अधिकारी दुर्गा शंकर सोनी, खाद्य विभाग के फूड इंस्पेक्टर आशीष पाण्डेय, अग्रणी जिला प्रबंधक आर.एस. बघेल तथा समर्पित संस्था के वीसी आकाश रजक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने, अपने बैंक खातों को आधार से लिंक कराने तथा शासन की विभिन्न वित्तीय एवं बीमा योजनाओं के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। इसी प्रकार ग्राम अमारू में आयोजित शिविर में भी ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं, विभिन्न सरकारी योजनाओं और बैंक खातों से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय जागरूकता बढ़ाना, अधिक से अधिक लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ना तथा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना रहा।

